April 8, 2026 1:36 am

April 8, 2026 1:36 am

बंगाल में पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने का माहौल: CM नायब सिंह सैनी

पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री, श्रीरामपुर में रोड शो कर भाजपा के पक्ष में मांगे वोट

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़/श्रीरामपुर, 7 अप्रैल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान दावा किया कि राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने का माहौल तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता बदलाव चाहती है और भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में माहौल तेजी से बन रहा है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को श्रीरामपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के बाद आयोजित रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की और कहा कि राज्य में विकास के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी है।
कम्युनिस्ट और ममता सरकार पर साधा निशाना
सैनी ने अपने संबोधन में ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले कम्युनिस्ट शासन में जनता का शोषण हुआ और बाद में ममता सरकार से लोगों को उम्मीदें थीं, लेकिन यह सरकार भी लोगों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने अत्याचार और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है, जिससे आम जनता परेशान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में न तो युवाओं को रोजगार मिल रहा है और न ही किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य।
महिला सुरक्षा और घुसपैठ का मुद्दा उठाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा चिंताजनक स्थिति में है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक ताने-बाने को नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आने के बावजूद सरकार खुद को साफ-सुथरी दिखाने की कोशिश कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत अलग है।
केंद्र की योजनाओं को लेकर भी किया हमला
सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं जैसे आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि, राजनीतिक कारणों से पश्चिम बंगाल में प्रभावी ढंग से लागू नहीं की गईं। उन्होंने दावा किया कि इसका खामियाजा राज्य की गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते देश में करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है और गरीबों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
रोड शो में दिखा उत्साह, युवाओं में बदलाव की चाह
श्रीरामपुर में आयोजित रोड शो के दौरान भारी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता में उत्साह और जोश स्पष्ट संकेत देता है कि लोग बदलाव चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि उद्योगों का पलायन और रोजगार के लिए युवाओं का दूसरे राज्यों में जाना, राज्य की खराब नीतियों का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में भय और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है।
हरियाणा की योजनाओं का भी किया जिक्र
सैनी ने हरियाणा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में गरीब महिलाओं को सस्ती दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और लाडली सुरक्षा योजना के तहत आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना के तहत लाखों लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद बंगाल में भी इन योजनाओं को लागू किया जाएगा, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
विकसित बंगाल का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि “विकसित भारत, विकसित बंगाल” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनता भाजपा को समर्थन देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही बंगाल को विकास और सम्मान मिल सकता है।
श्रीरामपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 2 4 4 6
Total Users : 292446
Total views : 495180

शहर चुनें