June 22, 2026 2:40 am

June 22, 2026 2:40 am

चंडीगढ़ कैशियर मर्डर केस: आरोपियों का एनकाउंटर, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 18 जून। सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर की हत्या के बहुचर्चित मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पूछताछ और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए चंडीगढ़ लाया गया था, जहां उन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर फरार होने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों को घटना से जुड़े हथियार और अन्य सबूत बरामद करने के लिए सेक्टर-25 के जंगल क्षेत्र में ले जाया गया था। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस कर्मियों से हाथापाई कर भागने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला भी किया, जिसके बाद आत्मरक्षा और उन्हें रोकने के लिए पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोलियां लगीं, जिससे वे घायल हो गए। घायल आरोपियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह मामला सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर में हुए कैशियर हत्याकांड से जुड़ा है, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। वारदात के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीमों का गठन कर विभिन्न राज्यों में छापेमारी शुरू की थी। तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर दोनों आरोपियों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश, वारदात में इस्तेमाल हथियार तथा संभावित सहयोगियों के संबंध में जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सेक्टर-11 मार्केट में हुई इस हत्या के बाद व्यापारियों में भारी रोष था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दबाव था। अब आरोपियों के पकड़े जाने और एनकाउंटर के बाद मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।
चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 2 3 6
Total Users : 349236
Total views : 576580

शहर चुनें