June 19, 2026 11:22 pm

June 19, 2026 11:22 pm

PANCHKULA NEWS: PMDA सीईओ ने पंचकूला में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का किया ग्राउंड इंस्पेक्शन

शहर की सुंदरता और सुविधाओं पर पीएमडीए का विशेष फोकस — के मकरंद पांडुरंग
 
जलधारा सौंदर्यीकरण एवं कायाकल्प परियोजना व विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज जैसी बड़ी परियोजनाओं की भी की समीक्षा
 
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 19 जून – पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग ने शुक्रवार को पंचकूला शहर में पीएमडीए द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा, नगर निगम पंचकूला के आयुक्त विनय कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने टोपियरी पार्क, निर्झर वाटिका, फाउंटेन पार्क, कैक्टस गार्डन, शहर के प्रमुख चौकों, राजीव कॉलोनी तथा अटल पार्क का निरीक्षण किया।

के. मकरंद पांडुरंग ने अधिकारियों को सभी कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा अवसंरचनाओं का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएमडीए का उद्देश्य ट्रीटेड वॉटर सिस्टम के माध्यम से पार्कों की सुंदरता बढ़ाने तथा उनके दीर्घकालिक एवं टिकाऊ संचालन को सुनिश्चित करना है। इसी के तहत निर्झर वाटिका और फाउंटेन पार्क जैसे बड़े पार्कों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण तथा फव्वारों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पार्कों एवं हरित क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली लैंडस्केपिंग बनाए रखने, पैदल मार्गों को बेहतर बनाने तथा बागवानी संबंधी कार्यों जैसे हेज ट्रिमिंग और पेड़-पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्कों में बेहतर पहुंच (एक्सेसिबिलिटी), जनसुविधाओं एवं शौचालयों का समुचित रखरखाव, तथा बेंच और साइनेज जैसी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी बल दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़कों, नालों, मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई और रखरखाव की स्थिति का भी जायजा लिया। साथ ही बागवानी एवं सिंचाई व्यवस्था के लिए अधिक प्रभावी और स्वचालित (ऑटोमेटेड) समाधान अपनाने पर चर्चा की गई। जलधारा सौंदर्यीकरण एवं कायाकल्प परियोजना, अटल पार्क विकास, विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज के निर्माण तथा अन्य विकास क्षेत्रों से संबंधित प्रमुख परियोजनाओं की साइटों पर चल रहे अवसंरचनात्मक कार्यों का भी मूल्यांकन किया गया।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएमडीए शहरी अवसंरचना के समग्र विकास, सक्रिय प्रशासन (प्रोएक्टिव गवर्नेंस), व्यवस्थित निगरानी तथा बेहतर शहरी नियोजन के माध्यम से नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 4 8 0 1 7
Total Users : 348017
Total views : 574948

शहर चुनें