June 21, 2026 4:09 pm

June 21, 2026 4:09 pm

CHANDIGARH NEWS: चंडीगढ़ में उत्साहपूर्ण जनभागीदारी के साथ मनाया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का किया आह्वान
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 21 जून:
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण जनभागीदारी के साथ किया गया। समारोह में पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक  गुलाब चंद कटारिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रशासक श्री कटारिया ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ और खुशहाल जीवन की ओर बढ़ सकता है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रहा। कोलकाता के रेड रोड से आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने योग को मानवता को जोड़ने वाली शक्ति बताते हुए कहा कि “योग सबको जोड़ता है, योग सबको साथ लाता है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि योग जीवन के हर चरण में व्यक्ति को स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक है।

कटारिया ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन की “योग 365” पहल के माध्यम से योग को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम न रहकर पूरे वर्ष की जीवनशैली बन सके।
उन्होंने आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि समेकित अस्पतालों, मोबाइल चिकित्सा इकाइयों और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए चलाए जा रहे वेलनेस कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।


कार्यक्रम के दौरान प्रशासक कटारिया ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चंडीगढ़ के युवा योगासन खिलाड़ियों अनुष्का शर्मा, अभय मिश्रा और देव को सम्मानित किया। इसके अलावा शहर में योग के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले 14 संगठनों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।
प्रशासक ने आयुष विभाग, योग प्रशिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं सहित सभी नागरिकों से योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने और स्वस्थ, सक्षम एवं समृद्ध चंडीगढ़ के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर महापौर सौरभ जोशी, वित्त सचिव दिप्रवा लकड़ा, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, खेल सचिव प्रेरणा पुरी, सचिव (आतिथ्य) स्वप्निल एम. नाइक, उपायुक्त निशांत कुमार यादव सहित चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 1 3 0
Total Users : 349130
Total views : 576444

शहर चुनें