एक माह के अभियान में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, साइबर ठगी से बचाव और त्वरित सहायता पर फोकस
पहले सप्ताह में 78 बुजुर्गों से मिली पुलिस, सीसीटीवी और पुलिस सत्यापन के लिए किया जा रहा जागरूक
रमेश गोयत
पंचकूला, 1 जुलाई 2026:
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस ने एक बड़ा जनहित अभियान शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देश पर जिले में एक माह तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत अकेले रहने वाले बुजुर्गों की पहचान कर पुलिस टीमें घर-घर पहुंच रही हैं।
अभियान का उद्देश्य ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, जो अकेले रहते हैं और जिन्हें किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता की आवश्यकता पड़ सकती है। पुलिस द्वारा उनकी सुरक्षा व्यवस्था, समस्याओं और जरूरतों का आकलन किया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों को केवल सुरक्षा ही नहीं बल्कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और अन्य साइबर अपराधों से बचने के तरीकों की जानकारी पुलिस टीमों द्वारा बुजुर्गों को दी जा रही है।
अभियान के पहले सप्ताह में डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न थाना और चौकी पुलिस टीमों ने 78 वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की है। पुलिस लगातार ऐसे अन्य बुजुर्गों तक पहुंच रही है, ताकि जरूरतमंद लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।
पुलिस ने अभियान के दौरान अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों का विस्तृत सर्वे शुरू किया है। उनका आवश्यक डाटा ऑनलाइन माध्यम से तैयार किया जा रहा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तुरंत सहायता पहुंचा सके।
इसके अलावा बुजुर्गों के घरों में काम करने वाले घरेलू सहायकों, ड्राइवरों, रसोइयों, माली, सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी करवाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे को पहले ही पहचानकर रोकना है।

सीसीटीवी और सुरक्षा उपायों के लिए किया जा रहा जागरूक
पुलिस टीमें वरिष्ठ नागरिकों को अपने घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और अन्य सुरक्षा उपकरण अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। साथ ही उन्हें अज्ञात लोगों, डिलीवरी कर्मियों और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
थाना प्रभारी और हेल्पलाइन से सीधा संपर्क
पंचकूला पुलिस ने प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी के संपर्क नंबर उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की है। इसके साथ ही बुजुर्गों और उनके परिवारों की सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 9115777026 जारी किया गया है।
पुलिस बीट स्टाफ और संबंधित थाना पुलिस समय-समय पर वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर उनका हालचाल जानेंगे, समस्याएं सुनेंगे और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराएंगे।
अभियान के अंत में होगा विशेष जागरूकता कार्यक्रम
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि अभियान के समापन पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सुरक्षा उपायों, पुलिस सत्यापन, साइबर अपराधों से बचाव और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई बुजुर्ग अकेले रहते हैं और उन्हें सहायता की आवश्यकता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9115777026 पर दें।
पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और सहायता उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे।












Total Users : 358170
Total views : 589050