July 13, 2026 2:31 am

July 13, 2026 2:31 am

PANCHKULA: अवैध सायरन और रेड-नीली बत्ती लगाकर घूम रहे बिल्डर पर पंचकूला पुलिस की बड़ी कार्रवाई!

₹33 हजार का चालान; इनोवा इंपाउंड

चंडीगढ़ और पंचकूला में पहले से 20 चालान लंबित, पुलिस कमिश्नर बोले— सायरन और फ्लैशर केवल आपातकालीन सेवाओं के लिए, रसूख दिखाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

रमेश गोयत
पंचकूला, 11 जुलाई। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर रसूख दिखाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से सायरन और रेड-ब्लू फ्लैशर लाइट लगाकर घूम रहे एक बिल्डर की लग्जरी इनोवा हाईक्रॉस कार को इंपाउंड कर लिया। पुलिस ने चालक पर 33 हजार रुपये का चालान किया और वाहन को जब्त कर सेक्टर-5 थाना परिसर में खड़ा करवा दिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही चंडीगढ़ और पंचकूला में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लगभग 20 चालान लंबित हैं।

डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को सेक्टर-9 क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस की टीम नियमित गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। टीम का नेतृत्व एएसआई मनोज कर रहे थे। इसी दौरान एक इनोवा कार तेज सायरन बजाते हुए वहां से गुजरती दिखाई दी। पुलिस को संदेह होने पर वाहन को रुकवाकर जांच की गई।
जांच के दौरान कार पर अवैध रूप से रेड-ब्लू फ्लैशर लाइट और सायरन लगे पाए गए। जब चालक से वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने स्वयं को बिल्डर बताया और स्वीकार किया कि उसने केवल शौक और प्रभाव दिखाने के लिए वाहन पर हुटर और फ्लैशर लगवाए थे।

रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया पुराना ट्रैफिक उल्लंघनों का इतिहास

पुलिस द्वारा चालक का रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ पहले से ही चंडीगढ़ और पंचकूला में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के करीब 20 चालान लंबित हैं। लगातार नियमों की अवहेलना को देखते हुए पुलिस ने बिना किसी रियायत के कार्रवाई करते हुए 33,000 रुपये का चालान किया और वाहन को मौके पर ही इंपाउंड कर लिया। बाद में वाहन को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सेक्टर-5 थाना में खड़ा कराया गया।

पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की दो टूक चेतावनी

पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि शहर में किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर समझने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सायरन, रेड-ब्लू फ्लैशर लाइट और अन्य आपातकालीन संकेतक केवल एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्धारित हैं। इनका उपयोग आम नागरिकों द्वारा रसूख दिखाने या शौक पूरा करने के लिए करना पूरी तरह गैर-कानूनी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे उपकरणों का दुरुपयोग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम लोगों में भ्रम की स्थिति भी पैदा होती है और वास्तविक आपातकालीन सेवाओं के कार्य में बाधा आ सकती है। इसलिए ऐसे मामलों में भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

युवाओं और अभिभावकों से की अपील
पुलिस कमिश्नर ने युवाओं और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे ट्रैफिक नियमों का सम्मान करें और ऐसे गैर-कानूनी शौक से दूर रहें, जिनके कारण भारी जुर्माना, वाहन जब्ती और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार का कड़ा अभियान जारी रहेगा।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 6 6 6 1 4
Total Users : 366614
Total views : 600273

शहर चुनें