पुष्पवर्षा, सम्मान और भावनात्मक माहौल में अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी विदाई, अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा में उल्लेखनीय उपलब्धियां रहीं
रमेश गोयत
पंचकूला, 13 जुलाई। पंचकूला पुलिस में सकारात्मक पुलिसिंग, जनसहभागिता आधारित कानून व्यवस्था और प्रभावी अपराध नियंत्रण की पहचान बनाने वाली डीसीपी सृष्टि गुप्ता को सोमवार को सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में भावभीनी एवं गरिमामयी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पवर्षा, पुष्पगुच्छ तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। समारोह के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी भावुक नजर आए तथा गीतों और कविताओं के माध्यम से अपने अनुभव साझा करते हुए उनके कार्यकाल को यादगार बताया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत रिश्ता स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की, आमजन की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुना और पुलिस के प्रति लोगों के मन में व्याप्त भय को कम करने के लिए कई जनहितकारी पहल शुरू कीं।

अपराध नियंत्रण में दर्ज हुई उल्लेखनीय कमी
4 जून 2025 से 13 जुलाई 2026 तक के कार्यकाल में पंचकूला पुलिस ने अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। इस अवधि में महिला विरुद्ध अपराधों में 26 प्रतिशत, वाहन चोरी के मामलों में 27.5 प्रतिशत, चोरी की घटनाओं में 31 प्रतिशत, स्नैचिंग की वारदातों में 30 प्रतिशत तथा सेंधमारी के मामलों में 25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। अधिकारियों ने इन उपलब्धियों का श्रेय डीसीपी सृष्टि गुप्ता के प्रभावी नेतृत्व, बेहतर रणनीति और टीम भावना को दिया।

युवाओं को किया जागरूक, पुलिस बल को किया प्रेरित
अपने कार्यकाल के दौरान डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे और मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित किया तथा उत्कृष्ट एवं ईमानदारी से कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-समय पर सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया।

“हर उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत का परिणाम”
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पंचकूला पुलिस की सभी उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे पुलिस बल की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा, “पंचकूला की हर उपलब्धि मेरी नहीं, सभी टीमों की मेहनत का परिणाम है। मैं अपने साथ पंचकूला पुलिस की यादें, सीख और आप सभी का स्नेह लेकर जा रही हूं। यह कार्यकाल हमेशा मेरे लिए प्रेरणादायी और अविस्मरणीय रहेगा।”
उन्होंने अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले पुलिस आयुक्तों, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक, सभी एसीपी, थाना एवं चौकी प्रभारियों, क्राइम यूनिट, ईआरवी, पीसीआर टीमों, विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

सामाजिक संगठनों और मीडिया का भी जताया आभार
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने सामाजिक संगठनों, विभिन्न सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया का भी विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनसेवा को प्रभावी बनाने में सभी का सहयोग हमेशा सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि पंचकूला में कार्य करने का अनुभव उनके लिए जीवनभर की अमूल्य पूंजी रहेगा।












Total Users : 367955
Total views : 602006