RCS की बड़ी कार्रवाई, गलत भर्ती और नियमों के विरुद्ध वेतन बढ़ाने वालों से होगी रिकवरी
रमेश गोयत
चंडीगढ़/अंबाला, 13 जुलाई। हरियाणा की प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (PACS) में कथित रूप से नियमों को दरकिनार कर की गई भर्तियों और कर्मचारियों के वेतन में अनियमित बढ़ोतरी के मामलों पर अब सहकारिता विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। लंबे समय से विवादों में चल रही इन अनियमितताओं पर कार्रवाई शुरू करते हुए अंबाला जिले की एक पैक्स के प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
अंबाला सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड द्वारा जारी आदेश के अनुसार धीन पैक्स में कार्यरत प्रबंधक सुरज पाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बराड़ा शाखा निर्धारित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आरोपों की सूची वाली चार्जशीट शीघ्र जारी की जाएगी।

ग्रामीण पैक्सों में नियमों को ताक पर रखकर भर्ती के आरोप
जानकारी के अनुसार हरियाणा की अनेक ग्रामीण पैक्सों में बिना सक्षम अनुमति और सहकारिता नियमों का पालन किए बिना कर्मचारियों की भर्ती करने के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। इतना ही नहीं, कई स्थानों पर कर्मचारियों के वेतन में भी कथित रूप से नियमों के विपरीत बढ़ोतरी किए जाने की शिकायतें विभाग तक पहुंची हैं।
आरोप यह भी हैं कि कुछ पैक्स प्रबंधकों और प्रबंधन समितियों के सदस्यों ने अपने चहेते लोगों और रिश्तेदारों को नौकरी देने के लिए नियमों की अनदेखी की, जिससे सहकारी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति पर भी असर पड़ा।
रजिस्ट्रार सहकारी विभाग ने शुरू की कार्रवाई
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रजिस्ट्रार सहकारी समितियां (RCS) हरियाणा ने राज्यभर में अनियमितताओं पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जहां भी गलत भर्ती, अनियमित वेतन वृद्धि या वित्तीय नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां संबंधित पैक्स प्रबंधकों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सहकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अंबाला में की गई यह निलंबन कार्रवाई इसी अभियान की शुरुआत मानी जा रही है।
RCS सुभीता ढाका ने दी चेतावनी
रजिस्ट्रार सहकारी समितियां (RCS) सुभीता ढाका ने कहा कि जिन पैक्स प्रबंधकों द्वारा नियमों के विरुद्ध भर्ती या कर्मचारियों का अनुचित वेतन बढ़ाया गया है, उनके खिलाफ हरियाणा सहकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में वित्तीय अनियमितता सिद्ध होती है तो संबंधित अधिकारियों से वेतन अथवा उनकी संपत्ति से रिकवरी भी की जाएगी।
सभी पैक्स प्रबंधकों से नियमों का पालन करने की अपील
RCS सुभीता ढाका ने प्रदेश के सभी पैक्स प्रबंधकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भर्ती या वेतन वृद्धि केवल निर्धारित नियमों और सक्षम स्वीकृति के बाद ही करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सहकारिता विभाग की इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की अन्य पैक्स समितियों में भी हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विभिन्न जिलों में शिकायतों के आधार पर जांच तेज होगी और दोषी पाए जाने वाले अन्य प्रबंधकों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।












Total Users : 368198
Total views : 602327