September 18, 2026 10:32 pm

September 18, 2026 10:32 pm

वित्तीय रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के एवज में ₹45 हजार रिश्वत की मांग, ₹20 हजार लेते क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार

फरीदाबाद, 18 सितंबर 2026। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), फरीदाबाद की टीम ने आज कार्रवाई करते हुए रजिस्ट्रार, फर्म एवं सोसायटी-कम-जिला औद्योगिक केंद्र, फरीदाबाद के कार्यालय में तैनात क्लर्क राहुल त्यागी को शिकायतकर्ता से ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से पूर्व आरडब्ल्यूएफ कार्यकाल से संबंधित वित्तीय रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के एवज में कुल ₹45,000 रिश्वत की मांग की गई थी। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 20, दिनांक 18.09.2026, धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।

 

क्या था पूरा मामला

शिकायतकर्ता, जो फरीदाबाद के सेक्टर-16 का निवासी है, ने एसवी एंड एसीबी को दी शिकायत में बताया कि सेक्टर की रेजिडेंट वेलफेयर फोरम (आरडब्ल्यूएफ) के पिछले करीब आठ वर्षों के कार्यकाल से संबंधित वित्तीय रिकॉर्ड रजिस्ट्रार कार्यालय, फरीदाबाद में उपलब्ध है। उक्त रिकॉर्ड प्राप्त करने के लिए शिकायतकर्ता द्वारा 15 सितंबर 2026 को कार्यालय में आवेदन दिया गया था। आवेदन के संबंध में उसी दिन रजिस्ट्रार कार्यालय से शिकायतकर्ता के मोबाइल पर फोन आया और उसे 16 सितंबर 2026 को कार्यालय में मिलने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता जब 16 सितंबर को कार्यालय पहुंचा तो वहां आरोपी क्लर्क राहुल त्यागी ने कथित तौर पर उससे कहा कि यदि वह संबंधित रिकॉर्ड को जल्दी प्राप्त करना चाहता है तो उसे पैसे देने होंगे। आरोपी ने शुरुआत में ₹60,000 की रिश्वत की मांग की, जिसके बाद बातचीत के दौरान यह राशि घटाकर ₹45,000 करने पर सहमति बनी।

शिकायतकर्ता ने इस संबंध में एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद को शिकायत दी। शिकायत की पुष्टि एवं नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ब्यूरो की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

20 हजार लेते ही दबोचा

ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी राहुल त्यागी ने मांगी गई रिश्वत राशि में से ₹20,000 एडवांस के रूप में स्वीकार किए। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, एसवी एंड एसीबी की टीम ने उसे मौके पर रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई। यह कार्रवाई एसवी एंड एसीबी यूनिट फरीदाबाद द्वारा नियमानुसार की गई। ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। एसवी एंड एसीबी द्वारा मामले में आरोपी से पूछताछ एवं आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 5 6 2 2
Total Users : 415622
Total views : 666473

शहर चुनें