पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रोहित उर्फ बोदा के दोनों पैरों में लगी गोली, पिस्तौल, बाइक और थैला बरामद; लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का पुलिस का दावा
बाबूगिरी न्यूज़
सोनीपत, 4 अक्तूबर। हरियाणा के सोनीपत में एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग करने के मामले में वांछित आरोपी रोहित उर्फ बोदा को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में पुलिस की गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ सोनीपत के बारोटा-छतेहरा के पास हुई, जहां संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी रोहित को घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रोहित के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल, बाइक और एक थैला बरामद किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और वारदातों में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
लेर खरकिया की रेंज रोवर पर की थी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग की वारदात हुई थी। इस मामले में रोहित उर्फ बोदा की तलाश की जा रही थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है और उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा रोहित हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड और सोनीपत में रंगदारी के एक मामले में भी वांछित था। इन मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी।
19 सितंबर को पुलिस को चकमा देकर हुआ था फरार
जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर को रोहित भिगान फ्लाईओवर के पास पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। इस मामले में रोहित के दो साथियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
लगातार तलाश के बाद एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को रोहित की लोकेशन के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने बारोटा-छतेहरा के पास घेराबंदी की, जहां आरोपी के साथ मुठभेड़ हो गई।
आपराधिक नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार, लाडपुर निवासी रोहित उर्फ बोदा के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग, हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड और सोनीपत में रंगदारी सहित अन्य मामलों को लेकर पूछताछ करेगी।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के साथ इन वारदातों में कौन-कौन लोग शामिल थे और उसे हथियार व अन्य संसाधन कहां से उपलब्ध हुए। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार चल रहा है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।











Total Users : 428232
Total views : 683157