November 28, 2026 4:52 pm

November 28, 2026 4:52 pm

कैथल जिला में अवैध कॉलोनियों का बेखौफ साम्राज्य

सिस्टम की चुप्पी और निगरानी पर सुलगते सवाल
कैथल-जींद बाइपास पर डेरा सच्चा सौदा के सामने कृषि भूमि में कथित अवैध प्लॉटिंग और निर्माण
सेक्टर, स्वीकृत सीएलयू और आधुनिक सुविधाओं का झांसा देकर खरीदारों को आकर्षित करने के आरोप
युवा संगठनों ने दी हाईकोर्ट में जनहित याचिका की चेतावनी
डॉ. राजिंदर छाबड़ा वरिष्ठ पत्रकार
देवभूमि कलायत, 28 नवंबर 2026। कैथल में कैथल-जींद बाइपास पर डेरा सच्चा सौदा के सामने कृषि भूमि में कथित अवैध प्लॉटिंग और निर्माण का मामला गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यहां जमीन को छोटे छोटे भूखंडों में बांटकर बेचा जा रहा है और कॉलोनी के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है। उनका दावा है कि प्लॉटों के साथ शोरूम और आवासीय निर्माण भी शुरू कर दिए गए हैं। ऐसे में सवाल है कि जमीन के उपयोग, कॉलोनी विकास और निर्माण के लिए आवश्यक अनुमतियां ली गई हैं या नहीं ?
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, खरीदारों को आकर्षित करने के लिए कॉलोनी के नक्शे में आधुनिक सुविधाओं का उल्लेख किया जा रहा है। गलियों, बिजली, सीवरेज और पेयजल लाइनें बिछाने की बात भी सामने आई है। यह केवल नियमों की अनदेखी का मामला नहीं बल्कि उन लोगों के लिए भी बड़ा जोखिम है जो अपनी जीवनभर की बचत लगाकर प्लॉट खरीदने पर विचार कर रहे हैं।
रजिस्ट्रियों और राजस्व रिकॉर्ड की जांच की मांग
स्थानीय स्तर पर उठी शिकायतों में आरोप है कि कृषि व जर्जर औद्योगिक इकाई के भूमि के छोटे छोटे हिस्सों की प्लॉट के रूप में खरीद फरोख्त और रजिस्ट्रियां कराई गई हैं। जमीन की रजिस्ट्रियों, इंतकाल, राजस्व रिकॉर्ड और भूमि उपयोग से जुड़े दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच के लिए लोगों का लामबंद होना इस बात का संकेत हैं कि इस मुद्दे पर लोग अब कभी भी मुख्य मंत्री के यहां दस्तक दे सकते हैं। उनकी मांग हैं कि यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि संबंधित जमीन पर प्लॉट काटने और कॉलोनी विकसित करने की अनुमति किस विभाग ने किन शर्तों पर और कब दी ? प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए जरूरी है कि वे जमीन की वर्तमान कानूनी स्थिति और अब तक हुई कार्रवाई के बारे में तथ्य सार्वजनिक करें।
शोरूम निर्माण और औद्योगिक जोन की शर्तों पर सवाल
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि कॉलोनी के प्रति लोगों को आकर्षित करने के उद्देश्य से शोरूम और आवासीय निर्माण किए जा रहे हैं। वे सवाल उठा रहे हैं कि नगर परिषद की निर्माण अनुमति, स्वीकृत नक्शे और अन्य आवश्यक मंजूरियों के बिना इतने व्यापक स्तर पर निर्माण कैसे हो रहा है। यदि जमीन औद्योगिक जोन या किसी अन्य नियोजित उपयोग की शर्तों के अधीन है तो उस पर आवासीय प्लॉटिंग और व्यावसायिक निर्माण की अनुमति किस आधार पर दी जा रही है ?
प्रशासन को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित जमीन का स्वीकृत भू-उपयोग क्या है। किसी सीएलयू की मंजूरी वास्तव में जारी हुई है या नहीं ? क्या प्रस्तावित या भविष्य के सेक्टर का नाम लेकर खरीदारों को प्लॉट बेचे जा रहे हैं। केवल मौखिक आश्वासन या प्रचार सामग्री किसी भूमि को वैध कॉलोनी का दर्जा नहीं देते। खरीदारों को जमीन की वास्तविक स्थिति और सक्षम विभागों की मंजूरियों की जानकारी दस्तावेजों सहित दी जानी चाहिए।
मिट्टी भराई, धूल और पर्यावरणीय असर
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जमीन को ऊंचा करने के लिए मिट्टी भराई की जा रही है। भारी वाहनों की आवाजाही से धूल फैल रही है। उन्होंने मिट्टी के स्रोत, खनन अनुमति, रॉयल्टी और परिवहन से जुड़े अभिलेखों की जांच की मांग की है। यदि भराई में इस्तेमाल मिट्टी अवैध खनन से लाई गई है तो संबंधित विभागों को कार्रवाई करनी चाहिए। भारी वाहनों से सड़कों और आसपास की हरियाली को नुकसान पहुंचने की शिकायतों की भी मौके पर जांच होनी चाहिए।
विभागीय निगरानी और कार्रवाई पर उठे सवाल
युवा समाजसेवी संगठनों से जुड़े लोगों का आरोप है कि इस क्षेत्र में कथित प्लॉटिंग और निर्माण की शिकायतें पहले भी की गईं। लेकिन प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दी। उनका कहना है कि आसपास की कुछ अन्य कॉलोनियों पर कार्रवाई की खबरों के बावजूद यहां निर्माण जारी रहने से सरकारी मशीनरी की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि यह जांच हो कि अलग अलग स्थलों पर कार्रवाई के मानदंड समान रूप से लागू किए जा रहे हैं या नहीं।
हाईकोर्ट में भी जनहित याचिका की तैयारी
स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ताओं और युवा संगठनों ने कहा है कि वे मामले को कानूनी मंच पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही स्थल का निरीक्षण कर प्लॉटिंग, निर्माण, भूमि उपयोग और मिट्टी भराई की वैधता की जांच नहीं की गई तो वे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करेंगे।
संगठनों की मांग है कि कैथल जींद बाइपास पर डेरा सच्चा सौदा के सामने स्थित जमीन की स्थिति स्पष्ट की जाए। बिना अनुमति चल रहे किसी भी निर्माण या विकास कार्य पर नियमों के अनुसार रोक लगाई जाए। खरीदारों को प्लॉट बेचने से पहले सभी वैधानिक मंजूरियों की पारदर्शी जानकारी दी जाए। अब प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह आरोपों की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के साथ स्थिति सामने रखे। ताकि आम खरीदार भ्रम और आर्थिक नुकसान से बच सकें।
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 4 2 1 8
Total Users : 464218
Total views : 733363

शहर चुनें