डोडा, भद्रवाह, वैष्णो देवी समेत कई इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी, पर्यटन कारोबार में लौटी रौनक
डोडा (जम्मू-कश्मीर): लगभग तीन महीने के लंबे सूखे के बाद जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार आधी रात से मौसम ने करवट ली और डोडा जिले के भलेसा तथा आसपास के मैदानी व ऊपरी इलाकों में जमकर बर्फबारी शुरू हो गई। ताजा जानकारी के मुताबिक पूरे क्षेत्र में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
इसी क्रम में बारामूला, बडगाम और रामबन जिले के प्रसिद्ध हिल रिसॉर्ट शहर बटोटे में भी बर्फबारी की खबरें सामने आई हैं। बर्फ गिरते ही पहाड़ी इलाकों की खूबसूरती और बढ़ गई है।
वैष्णो देवी मंदिर और त्रिकुटा पहाड़ियों पर पहली बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध वैष्णो देवी मंदिर में गुरुवार को मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फबारी के चलते त्रिकुटा पहाड़ियां पूरी तरह सफेद चादर में ढक गईं और माता वैष्णो देवी की यात्रा का मार्ग सर्दियों के खूबसूरत नजारों में तब्दील हो गया।
वहीं, जम्मू-कश्मीर की मशहूर भद्रवाह घाटी में भी शुक्रवार सुबह पहली बर्फबारी हुई। लंबे इंतजार के बाद हुई बर्फबारी से भद्रवाह की सड़कें, गलियां और मकान बर्फ से ढक गए, जिससे पूरे इलाके की सुंदरता और निखर गई। हालांकि ठंड में बढ़ोतरी के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी
बर्फबारी को देखते हुए भद्रवाह पुलिस और जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और ऊंचाई वाले इलाकों में जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें।
जम्मू जिले के पहाड़ी पर्यटन स्थल बटोटे में भी भारी बर्फबारी हुई है। इसके अलावा पटनीटॉप, नत्थाटॉप, सनासर और बटोटे जैसे मशहूर हिल रिसॉर्ट्स में भी मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है।
पर्यटन कारोबार को राहत, स्थानीय लोगों में खुशी
बर्फबारी से न केवल लंबे सूखे का असर खत्म हुआ है, बल्कि पर्यटन पर निर्भर लोगों के चेहरे भी खिल उठे हैं। होटल संचालक, टैक्सी ड्राइवर, घोड़ा-खच्चर मालिक, फोटोग्राफर, दुकानदार और स्थानीय वेंडरों के लिए यह बर्फबारी किसी संजीवनी से कम नहीं मानी जा रही है।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
लगातार हो रही बर्फबारी के कारण कश्मीर घाटी में श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित हुआ है। कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। रनवे पर भारी मात्रा में बर्फ जमा होने और कम दृश्यता के कारण विमानों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक रनवे से बर्फ हटाने का काम जारी है, लेकिन उड़ानें बहाल होने में समय लग सकता है। यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है और उन्हें फ्लाइट स्टेटस जांचकर ही एयरपोर्ट जाने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी, मनाली में दो इंच तक जमी बर्फ
जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी से मौसम सुहावना हो गया है। मनाली में शुक्रवार सुबह पूरा शहर बर्फ की सफेद चादर में ढका नजर आया। जानकारी के मुताबिक यहां करीब दो इंच तक बर्फ जमी है और बर्फबारी का सिलसिला अभी भी जारी है।
राहत की बात यह है कि फिलहाल यातायात सुचारु रूप से चल रहा है और किसी बड़े अवरोध की सूचना नहीं है।










Total Users : 291129
Total views : 493309