October 11, 2026 8:58 am

October 11, 2026 8:58 am

DELHI: 6 साल में साइबर फ्रॉड से देश को ₹52,976 करोड़ का नुकसान, महाराष्ट्र सबसे आगे

नई दिल्ली: भारत में बीते छह वर्षों के दौरान साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में देशभर के नागरिकों को ₹52,976 करोड़ से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। राज्यों के आंकड़ों में महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित रहा है।
वर्ष 2025 में साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से जुड़े मामलों में ₹19,813 करोड़ का नुकसान हुआ, जबकि 21.77 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं। वहीं 2024 में यह आंकड़ा और भी अधिक रहा, जब ₹22,849.49 करोड़ की ठगी सामने आई और करीब 19.18 लाख शिकायतें दर्ज हुईं। इन आंकड़ों से साफ है कि डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन निवेश और बैंकिंग फ्रॉड तेजी से बढ़े हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, देश में तेजी से बढ़ते डिजिटलीकरण और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन ने साइबर अपराधियों को नए मौके दिए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि कुल नुकसान का 77 प्रतिशत हिस्सा फर्जी निवेश योजनाओं के कारण हुआ। इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट के जरिए 8 प्रतिशत, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड से 7 प्रतिशत, सेक्सटॉर्शन से 4 प्रतिशत, ई-कॉमर्स फ्रॉड से 3 प्रतिशत और ऐप या मालवेयर आधारित ठगी से 1 प्रतिशत नुकसान हुआ।
राज्यवार आंकड़ों में महाराष्ट्र में ₹3,203 करोड़ की ठगी और 2.83 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। कर्नाटक में ₹2,413 करोड़, तमिलनाडु में ₹1,897 करोड़, उत्तर प्रदेश में ₹1,443 करोड़ और तेलंगाना में ₹1,372 करोड़ का नुकसान दर्ज किया गया। ये पांच राज्य मिलकर देश में दर्ज कुल साइबर फ्रॉड का आधे से अधिक हिस्सा बनाते हैं।
नागरिक वित्तीय साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग एवं मैनेजमेंट सिस्टम (CFCFRMS) के अनुसार, 2025 में करीब 21 करोड़ साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 45 प्रतिशत शिकायतों का संबंध दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों—कंबोडिया, म्यांमार और लाओस—से पाया गया।
सरकार द्वारा संचालित साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल नागरिकों को साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा देता है। ऑनलाइन वित्तीय ठगी के शिकार लोगों की त्वरित सहायता के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध है।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन निवेश, ई-कॉमर्स और डिजिटल भुगतान के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज से दूरी बनाए रखें.

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 7 3
Total Users : 428273
Total views : 683207

शहर चुनें