August 29, 2026 11:11 am

August 29, 2026 11:11 am

PUNJAB: आईएसआई समर्थित हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश, AK-47 समेत चार हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़/अमृतसर, 14 मार्च। पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आईएसआई की मदद से चल रहे एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक AK-47 राइफल, तीन अत्याधुनिक 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल, दो मैगजीन और 36 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई राज्य को सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
गुरसेवक सिंह उर्फ सूरज, निवासी नई आबादी, अटारी (अमृतसर)
अमरजीत सिंह उर्फ रोहित, निवासी सुभाष रोड, छेहरटा (अमृतसर)
के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक AK-47 राइफल, तीन 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल और गोलियां बरामद की हैं।
सोशल मीडिया के जरिए विदेशी हैंडलरों से संपर्क
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे। यह मॉड्यूल न केवल हथियारों की तस्करी में शामिल था बल्कि कट्टरपंथी गतिविधियों को बढ़ावा देने और भारत-विरोधी तथा पुलिस-विरोधी बयान फैलाने में भी सक्रिय था।
उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपियों के पुराने संपर्कों और नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
पाकिस्तान के रास्ते भेजे गए हथियार
इस मामले की जानकारी देते हुए अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुहेल कासिम मीर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर थाना घरिंडा की पुलिस टीमों ने गांव मुहावा में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में पता चला है कि यह हथियारों की खेप विदेशी हैंडलरों द्वारा पाकिस्तान के रास्ते पंजाब भेजी गई थी, जिसका उद्देश्य राज्य में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देना था।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने इस संबंध में थाना घरिंडा में एफआईआर संख्या 80, दिनांक 12 मार्च 2026 दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं 25(1)(ए), 25(6), 25(7), 25(8) तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराएं 13, 16 और 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य व्यक्तियों और विदेशी नेटवर्क की पहचान के लिए जांच जारी है।

Abhishek Goyat
Author: Abhishek Goyat

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 2 8 7
Total Users : 400287
Total views : 645889

शहर चुनें