November 28, 2026 7:00 pm

November 28, 2026 7:00 pm

परिवार के सदस्यों को मुकदमे में परेशान न करने की एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते पुलिस सब इंस्पेक्टर रंगे हाथों गिरफ्तार

थाना धौज में तैनात जांच अधिकारी को एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद की टीम ने किया गिरफ्तार
आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से 28 हजार रुपये ले चुका था, अब 25 हजार रुपये की अतिरिक्त रिश्वत लेते हुए दबोचा गया
दर्ज मामले में परिवार को परेशान न करने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
फरीदाबाद, 28 नवंबर। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए थाना धौज, जिला फरीदाबाद में जांच अधिकारी के रूप में तैनात पुलिस सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 31, दिनांक 28 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।
परिवार के सदस्यों को परेशान न करने के नाम पर मांगी थी अतिरिक्त रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के खिलाफ थाना धौज में एफआईआर नंबर 84/2026 दर्ज है। आरोप है कि इस मामले में जांच अधिकारी के रूप में तैनात सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शिकायतकर्ता से उसके परिवार के सदस्यों को मामले में परेशान न करने की एवज में अतिरिक्त 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। आरोपी इससे पहले भी शिकायतकर्ता से 28 हजार रुपये की रिश्वत ले चुका था।
25 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में एसवी एंड एसीबी यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने ट्रैप का नेतृत्व किया। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन और ‘सतर्क-हरियाणा’ ऐप
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर करें। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी सूचना दी जा सकती है।
नागरिक ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा फोटो, वीडियो, ऑडियो और पीडीएफ जैसे साक्ष्य साझा कर सकते हैं। ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध निर्भीक होकर आगे आने और इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 4 3 3 7
Total Users : 464337
Total views : 733529

शहर चुनें