वेंडर्स को यूटिलिटी किट वितरित, अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष वाहन को दिखाई हरी झंडी
वेंडर्स और नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी
पंचकूला। शहर में स्ट्रीट वेंडिंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम पंचकूला द्वारा स्ट्रीट वेंडर्स के लिए यूटिलिटी किट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जेपी इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर जयप्रकाश ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान शहर के विभिन्न वेंडिंग जोन में काम करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को नगर निगम की ओर से यूटिलिटी किट वितरित की गई। इस किट में वेंडर्स को जैकेट, टोपी, हेल्थ चेकअप कार्ड, पहचान पत्र, हेयर नेट सहित अन्य जरूरी सामग्री दी गई, ताकि वे साफ-सुथरे और व्यवस्थित तरीके से अपना काम कर सकें। इसके साथ ही वेंडर्स को 5 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा भी प्रदान किया जा रहा है।
शहर में बनाए गए 8 वेंडिंग जोन
इस अवसर पर जयप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में कुल 8 वेंडिंग जोन बनाए गए हैं, जहां बैठकर काम करने वाले वेंडर्स को यह यूटिलिटी किट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गलियों और कॉलोनियों में घूमकर सामान बेचने वाले मोबाइल वेंडर्स को मोबाइल रेहड़ी पहचान पट्टिका भी दी गई है, जिसे लगाकर ही काम करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल नगर निगम में पंजीकृत वेंडर्स को ही यह किट उपलब्ध कराई जाएगी और उन्हें निगम द्वारा निर्धारित ड्रेस पहनकर ही काम करना होगा। यदि कोई वेंडर बिना पंजीकरण या बिना निर्धारित ड्रेस के काम करता पाया गया, तो नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान ने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन, वेंडर्स और आम नागरिकों—तीनों की साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने वेंडर्स को निर्देश दिए कि वे अपने पहचान पत्र और नगर निगम द्वारा दी गई ड्रेस पहनकर ही अपने निर्धारित क्षेत्र में काम करें।
उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे बिना पहचान वाले वेंडर्स से सामान न खरीदें और केवल नगर निगम के अधिकृत वेंडर्स से ही खरीदारी करें, क्योंकि पंजीकृत वेंडर्स का पूरा रिकॉर्ड नगर निगम के पास उपलब्ध रहता है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
इस अवसर पर गौरव चौहान ने 9877488386 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर वेंडर्स और आम नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। यदि कोई बिना पहचान पत्र या ड्रेस के स्ट्रीट वेंडर काम करता हुआ दिखाई देता है, तो नागरिक उसकी फोटो और जानकारी भी इस हेल्पलाइन नंबर पर भेज सकते हैं।
अतिक्रमण हटाने के लिए नई इंफोर्समेंट गाड़ी
कार्यक्रम के दौरान संयुक्त आयुक्त ने जेपी इंटरप्राइजेज की नई इंफोर्समेंट गाड़ी को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन शहर में अतिक्रमण हटाने और व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम की टीम की मदद करेगा।
वेंडर्स के उत्थान में योगदान देने वालों को सम्मान
समारोह में वेंडर्स के उत्थान में विशेष योगदान देने वाले जयवीर, मानवेंद्र, संजय कुमार, सेक्टर-4 वेंडिंग जोन के प्रधान गगन शर्मा, सेक्टर-15 के प्रधान अरविंद मेहतो, रिपू धवन, सेक्टर-8 के प्रधान राजेश गुप्ता, सुमित कुमार और सेक्टर-19 के प्रधान स्वर्ण सिंह को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि गौरव चौहान को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में जयप्रकाश ने सभी अतिथियों और उपस्थित वेंडर्स का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।












Total Users : 294715
Total views : 498572