August 30, 2026 7:37 am

August 30, 2026 7:37 am

चंडीगढ़ में बिजली निजीकरण के खिलाफ आप का प्रदर्शन, CPDL पर लगाए गंभीर आरोप

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 1 अप्रैल। आम आदमी पार्टी (आप) ने शहर में बिजली वितरण के निजीकरण के बाद बढ़ती समस्याओं को लेकर मंगलवार को सेक्टर-34 स्थित CPDL कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई पार्टी के अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने की, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

जनता पर बोझ, निजी कंपनी को फायदा”
आप नेताओं ने आरोप लगाया कि निजीकरण के बाद लगातार बिजली दरों में बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि 2024-25 और 2025 के बाद अब 1 अप्रैल 2026 से फिर नए रेट लागू कर दिए गए हैं। पहले 0–150 यूनिट तक मिलने वाला सस्ता स्लैब घटाकर 0–100 यूनिट कर दिया गया है, जिससे आम उपभोक्ता महंगे स्लैब में पहुंच रहा है। साथ ही पीक आवर्स (ToD) के नाम पर करीब 20% तक अतिरिक्त सरचार्ज लगाया जा रहा है।

डबल बिलिंग और बढ़ते चार्जेज पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने “डबल बिलिंग” का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि मार्च में कई उपभोक्ताओं को 15–20 दिनों के भीतर दो-दो बार बिजली बिल भेजे गए। इसके अलावा ‘संड्री चार्जेज’ के नाम पर 8,000 से 22,000 रुपये तक अतिरिक्त राशि जोड़ी जा रही है।

अघोषित पावर कट से बढ़ी परेशानी
आप नेताओं ने कहा कि जिस चंडीगढ़ को 24 घंटे बिजली के लिए जाना जाता था, वहां अब रोजाना 2 से 6 घंटे तक अघोषित पावर कट हो रहे हैं। उनका दावा है कि निजीकरण से पहले व्यवस्था बेहतर थी, जो अब प्रभावित हुई है।

कर्मचारियों के शोषण का भी आरोप
प्रवक्ता योगेश ढींगरा ने आरोप लगाया कि निजीकरण के बाद बिजली कर्मचारियों को पेंशन, एचआरए और अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिसके चलते कई मामले अदालतों तक पहुंच चुके हैं।

“871 करोड़ में 30,000 करोड़ की संपत्ति सौंपना घोटाला”
आप नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुनाफे में चल रहे बिजली विभाग की करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को मात्र 871 करोड़ रुपये में निजी कंपनी को सौंपना “सदी का सबसे बड़ा घोटाला” है।

पंजाब से तुलना
आप ने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल रही है और दरों में कटौती की गई है, जबकि चंडीगढ़ में उपभोक्ताओं पर लगातार बोझ बढ़ाया जा रहा है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी
पार्टी अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने कहा कि भाजपा ने चंडीगढ़ की जनता को “एटीएम” बना दिया है और लगातार रेट बढ़ाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। वहीं स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए तंवर ने चेतावनी दी कि यदि जनविरोधी फैसले वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
आप चंडीगढ़ ने साफ कहा है कि जब तक बिजली दरों में राहत नहीं मिलती और कथित अनियमितताएं बंद नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और इसे बड़े जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 8 4 7
Total Users : 400847
Total views : 646669

शहर चुनें