बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को हरियाणा निवास से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 18 योजनाओं के तहत कुल 1665 करोड़ 25 लाख रुपए सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए और कई अहम घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की छठी किस्त जारी करते हुए लगभग 10 लाख महिलाओं के खातों में 203 करोड़ 28 लाख रुपए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक इस योजना के तहत 6 किस्तों में 1038 करोड़ 5 लाख रुपए वितरित किए जा चुके हैं। साथ ही, आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में योजना की आय सीमा को 1 लाख से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपए करने का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा, 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 1144 करोड़ 55 लाख रुपए की राशि 35 लाख 55 हजार 187 लाभार्थियों के खातों में सीधे ट्रांसफर की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दयालु योजना के अंतर्गत आज 7875 परिवारों को 298 करोड़ 7 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
किसानों को राहत और सब्सिडी
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की विशेष योजना के तहत अनुसूचित जाति के 645 किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए 19 करोड़ 35 लाख रुपए की सब्सिडी दी गई है। प्रत्येक किसान को 3 लाख रुपए तक की सहायता दी जा रही है।
फसलों की खरीद पर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 16046 मीट्रिक टन सरसों की आवक हुई है, जिसमें से 3421 मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है और 1058 मीट्रिक टन का उठान किया जा चुका है। किसानों को 6200 रुपए प्रति क्विंटल MSP के अनुसार 4 करोड़ 94 लाख रुपए का भुगतान किया गया है।
वहीं, गेहूं की 17.37 लाख मीट्रिक टन आवक में से 3.92 लाख मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है और किसानों को 2585 रुपए प्रति क्विंटल MSP के हिसाब से 13 करोड़ 9 लाख रुपए का भुगतान किया गया है।
श्रमिकों के वेतन में 35% तक बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी का ऐलान करते हुए कहा कि
अकुशल श्रमिक: 11,275 से बढ़ाकर 15,220 रुपए
अर्ध-कुशल श्रमिक: 12,430 से बढ़ाकर 16,780 रुपए
कुशल श्रमिक: 13,704 से बढ़ाकर 18,500 रुपए
हाई-स्किल्ड श्रमिक: 14,389 से बढ़ाकर 19,425 रुपए
उन्होंने बताया कि यह वृद्धि लगभग 35 प्रतिशत है, जिससे लाखों श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
फरीदाबाद हादसे के पीड़ितों को मदद
फरीदाबाद में HKRN के तहत कार्यरत दो फायर कर्मियों की ड्यूटी के दौरान हुई मौत पर सरकार ने प्रत्येक परिवार को 30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने और एक आश्रित को नौकरी देने का निर्णय लिया है।
बारिश से फसल नुकसान पर सरकार सतर्क
फतेहाबाद, हिसार और सिरसा जिलों में बारिश से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए 9 अप्रैल से 15 अप्रैल तक ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है। अब तक 1350 किसानों ने 10,088 एकड़ क्षेत्र का पंजीकरण कराया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।












Total Users : 294716
Total views : 498573