July 22, 2026 11:06 pm

July 22, 2026 11:06 pm

HARYANA: करनाल में 1.50 लाख की रिश्वत लेते फॉरेस्टर चंदवीर गिरफ्तार, एसीबी का बड़ा ट्रैप

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी टीम ने रंगे हाथों दबोचा, मौके से पूरी रिश्वत राशि बरामद
बाबूगिरी ब्यूरो
करनाल, 10 अप्रैल: हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) ने करनाल में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने वन विभाग में तैनात फॉरेस्टर चंदवीर को ₹1.50 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से विभागों में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत एफआईआर नंबर 04 दिनांक 10 अप्रैल 2026 दर्ज की गई है। इसके साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सरताज सिंह ने एसीबी को शिकायत दी थी कि वन विभाग में कार्यरत फॉरेस्टर चंदवीर, निवासी गांव जुलानी खेड़ी, जिला कैथल, उनसे अवैध रूप से ₹1,50,000 की रिश्वत की मांग कर रहा है। आरोपी यह राशि शिकायतकर्ता के खिलाफ वन भूमि से जुड़े मामले में सख्त कार्रवाई न करने और अधिकतम जुर्माना न लगाने के एवज में मांग रहा था।
एसीबी ने शिकायत की प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप प्लान तैयार किया।
निरीक्षक सुल्तान सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई
एसीबी करनाल की टीम ने निरीक्षक सुल्तान सिंह के नेतृत्व में जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार, जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹1.50 लाख की रिश्वत ली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई।
आगे की जांच जारी
एसीबी प्रमुख ए.एस. चावला ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भी जांचा जा रहा है कि इस प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति या अधिकारी शामिल है या नहीं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर
एसीबी प्रमुख ने दोहराया कि हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत एसीबी को करें, ताकि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 7 5 9 8 0
Total Users : 375980
Total views : 612974

शहर चुनें