बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 11 अप्रैल। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सोशल मीडिया पर गन कल्चर, अशोभनीय और भ्रामक कंटेंट फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे किसी भी कंटेंट को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच हरियाणा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 6083 आपत्तिजनक यूआरएल/कंटेंट/ऐप्स/वेबसाइट्स को हटवाया है। इनमें Meta Platforms (फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप) से जुड़े 4278, YouTube से 1172, X से 372, अन्य प्लेटफॉर्म्स से 167, Telegram से 53, Reddit से 36 और Snapchat से 5 आपत्तिजनक कंटेंट शामिल हैं।
गन कल्चर और अशोभनीय कंटेंट पर सख्त रुख
डीजीपी ने कहा कि हथियारों का महिमामंडन, हिंसा को बढ़ावा देने वाले वीडियो, महिलाओं का अश्लील प्रदर्शन, बच्चों और लड़कियों के अभद्र चित्रण तथा हरियाणा की छवि को खराब करने वाले फर्जी कंटेंट पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां न केवल सामाजिक मूल्यों को आहत करती हैं, बल्कि प्रदेश की शांति और सौहार्द्र को भी प्रभावित करती हैं।
मुख्यमंत्री भी गंभीर
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी बेहद गंभीर हैं। राज्य सरकार उनके मार्गदर्शन में समाज में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने और असामाजिक व भ्रामक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठा रही है।
हरियाणा की सकारात्मक छवि पर जोर
डीजीपी ने कहा कि हरियाणा के लोग मूल रूप से शांतिप्रिय, मेहनती और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी हैं। सशस्त्र बलों, कृषि, अर्थव्यवस्था, हरित व श्वेत क्रांति, उद्योग, संगीत और व्यापार जैसे क्षेत्रों में राज्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी दुष्प्रचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से अपील
उन्होंने युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया के उपयोग की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति समाज में अशांति फैलाने, गलत संदेश देने या सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुंचाने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता
हरियाणा पुलिस ने दोहराया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने वाली किसी भी गतिविधि को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












Total Users : 295189
Total views : 499204