बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 28 अप्रैल 2026। आगामी 10 मई को होने वाले पंचकूला नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
इंटर-स्टेट बॉर्डर पर 24 घंटे कड़ी नाकाबंदी
13 अप्रैल से आचार संहिता लागू होते ही पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से लगते 5 इंटर-स्टेट बॉर्डर नाकों पर 24 घंटे कड़ी नाकाबंदी की जा रही है। इसके साथ ही शहर के अंदर भी लगातार औचक चेकिंग अभियान चलाकर अवैध शराब, हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
धारा 163 लागू, हथियार जमा कराने के आदेश
डीसीपी ने बताया कि 13 अप्रैल से भारतीय नागरिक न्याय संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान सभी लाइसेंसी हथियार धारकों को अपने हथियार जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ऐसे तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जो चुनावी माहौल खराब कर सकते हैं।
नशा और अवैध सामान की बड़ी बरामदगी
आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस को बड़ी सफलता भी मिली है। अब तक 538 ग्राम हेरोइन, 1 किलो 154 ग्राम चरस और 180 पेटी अवैध शराब बरामद की गई है। इसके अलावा 2 अवैध देशी कट्टे और 1 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। सभी नाकों पर सघन चेकिंग जारी है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ी गश्त
पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में दबंगई या भय फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखें। संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
मतदान से पहले और बढ़ेगी सुरक्षा
चुनाव से तीन दिन पहले सभी नाकों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मतदान के दिन पर्याप्त सुरक्षा बल की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पंचकूला नगर निगम चुनाव को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाया जाएगा।












Total Users : 308696
Total views : 519012