May 1, 2026 1:48 am

May 1, 2026 1:48 am

PANCHKULA: दमकल कर्मचारियों की भूख हड़ताल, सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 28 अप्रैल 2026। हरियाणा में पिछले 21 दिनों से जारी अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल अब और तेज हो गई है। आंदोलन ने मंगलवार को भूख हड़ताल का रूप ले लिया, जिसके तहत प्रदेशभर के 103 फायर स्टेशनों पर दमकल कर्मचारी विरोध में बैठे। इसी क्रम में पंचकूला जिले के फायर स्टेशनों पर भी कर्मचारियों ने भूख हड़ताल कर सरकार के खिलाफ रोष जताया।
हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की राज्य कमेटी के आह्वान पर यह कदम उठाया गया। कर्मचारियों की मुख्य मांग मुजेसर स्थित एक स्टील कंपनी में आगजनी के दौरान शहीद हुए भवीचंद शर्मा और रणबीर सिंह के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और स्थायी रोजगार प्रदान करना है। इसके अलावा दमकल कर्मचारियों के लिए जोखिम भत्ता लागू करने और पे-रोल व कौशल कर्मचारियों को फायर ऑपरेटर के पदों में समायोजित करने की भी मांग उठाई गई।

यूनियन के जिला प्रधान आनंद कुमार ने बताया कि विभाग में पे-रोल पर कार्यरत कर्मचारियों की पिछले छह वर्षों से वेतन वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार और विभागीय निदेशक के साथ कई दौर की बातचीत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
दमकल कर्मचारी नेता मुकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार के गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में इस तरह की अव्यवस्था बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।

सर्व कर्मचारी संघ पंचकूला के प्रतिनिधि सोनू नागर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो पूरे हरियाणा में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। वहीं हरजिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार रोडवेज चालकों के भरोसे आगजनी जैसी गंभीर स्थितियों से निपटने का दावा कर रही है, जबकि उनके पास न तो पर्याप्त प्रशिक्षण है और न ही तकनीकी दक्षता।

कर्मचारियों का कहना है कि इस स्थिति में जिले की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रदर्शन के दौरान बलबीर सिंह, मोहित मलिक, अनिल कुमार, शार्दूल सिंह और सत्यवान सिंह सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने सरकार से जल्द समाधान निकालने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 8 6 9 6
Total Users : 308696
Total views : 519012

शहर चुनें