April 30, 2026 8:02 pm

April 30, 2026 8:02 pm

HARYANA: बीमा और संपत्ति के लालच में पति की हत्या की साजिश, सड़क हादसे का दिया रूप—पत्नी समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल सबूतों और कॉल डिटेल से खुला राज, करीब 2 करोड़ रुपये के फायदे की थी पूरी प्लानिंग

बाबूगिरी ब्यूरो
चरखी-दादरी, 30 अप्रैल। एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने खुलासा किया है कि एक महिला ने अपने ही पति को रास्ते से हटाने के लिए सुनियोजित साजिश रची। जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी की नजर पति की संपत्ति, बीमा पॉलिसियों और अन्य आर्थिक लाभों पर थी। इसी मकसद से उसने फरवरी और अप्रैल 2026 में पति के नाम पर 60-60 लाख रुपये की दो जीवन बीमा पॉलिसियां करवाईं, जिनमें वह खुद नॉमिनी थी। पैतृक जमीन और अन्य लेन-देन को मिलाकर करीब 2 करोड़ रुपये के फायदे की योजना बनाई गई थी।

सड़क हादसे पर परिजनों को हुआ शक
19 अप्रैल की रात गांव तिवाला के पास हुई घटना को शुरुआत में सामान्य सड़क दुर्घटना माना गया। जानकारी के अनुसार प्रदीप नामक युवक की स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे हादसा मानकर मामला दर्ज किया था। हालांकि 24 अप्रैल को पीड़ित की बहन ने घटना पर संदेह जताया। उसने बताया कि स्कूटी को मामूली नुकसान हुआ, जबकि प्रदीप की हालत बेहद गंभीर थी। इसी विरोधाभास ने जांच की दिशा बदल दी।

तकनीकी जांच में सामने आई साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल, बैंक लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की, जिसमें साजिश की परतें खुलती चली गईं। सामने आया कि आरोपी महिला ने पति के पैसों से खरीदी गई बाइक अपने प्रेमी को दे रखी थी। वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, सिम कार्ड समेत कई अहम सबूत भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से टक्कर मारकर हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की।

पत्नी समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश निवासी बादल, जसबीर उर्फ मोंटी, रवि सांगवान और अक्षय शामिल हैं। आरोपी महिला के पास से आईफोन-13 और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

चार्जशीट की तैयारी शुरू
डीएसपी धीरज कुमार के मुताबिक, यह पूरी तरह से योजनाबद्ध हत्या का मामला है, जिसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मजबूत वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटा लिए हैं और अब आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार की जा रही है, ताकि अदालत में मामला मजबूती से पेश किया जा सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 8 6 6 5
Total Users : 308665
Total views : 518971

शहर चुनें