October 13, 2026 3:32 pm

October 13, 2026 3:32 pm

HARYANA NEWS: गृह मंत्रालय के अधीन BPR&D के नए महानिदेशक बने आलोक मित्तल

रमेश गोयत

चंडीगढ़/नई दिल्ली, 6 जुलाई। हरियाणा कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक मित्तल को गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (BPR&D) का नया महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की पुष्टि कर दी है। पुलिस आधुनिकीकरण और सुधार के क्षेत्र में इसे महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है।
BPR&D गृह मंत्रालय की शीर्ष संस्था है, जो देशभर की पुलिस के आधुनिकीकरण, अनुसंधान, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और सुधारात्मक प्रशासन से जुड़े कार्यों का संचालन करती है। महानिदेशक का पद केंद्र और राज्यों के बीच पुलिस सुधार, नई तकनीकों के समन्वय तथा नीतिगत निर्णयों में अहम भूमिका निभाता है।
आलोक मित्तल का पुलिस सेवा में तीन दशक से अधिक का लंबा अनुभव रहा है। वे हरियाणा में डीजी जेल, डीजी एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB), एडीजीपी (सीआईडी) एवं लॉ एंड ऑर्डर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक तथा हरियाणा भवन, नई दिल्ली में अतिरिक्त रेजिडेंट कमिश्नर भी रहे हैं।


केंद्रीय एजेंसियों में भी उनका अनुभव उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने सीबीआई में आर्थिक अपराध एवं साइबर क्राइम विंग में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में कार्य किया, जबकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल के रूप में कई संवेदनशील मामलों का नेतृत्व किया।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आलोक मित्तल को वर्ष 2009 में पुलिस पदक तथा वर्ष 2016 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
नई जिम्मेदारी के तहत वे पुलिसिंग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर फॉरेंसिक, डेटा एनालिटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने, पुलिस प्रशिक्षण प्रणाली को और मजबूत बनाने तथा जेल सुधार से जुड़ी योजनाओं को गति देने पर विशेष ध्यान देंगे। अधिकारियों का मानना है कि उनके अनुभव से देश में पुलिस सुधार और आधुनिकीकरण की योजनाओं को नई दिशा मिलेगी।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

Our Visitor

4 2 9 5 8 0
Total Users : 429580
Total views : 684961

शहर चुनें