चंडीगढ़ विजिलेंस सेल की ट्रैप कार्रवाई, सेक्टर-9 में रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 8 जुलाई। चंडीगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंजीनियरिंग विंग, पीडब्ल्यूडी CP डिवीजन नंबर-2, चंडीगढ़ के एक आउटसोर्स क्लर्क को ₹30 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता के पिता की पेंशन तथा अन्य वित्तीय लाभों की फाइल आगे बढ़ाने और प्रक्रिया पूरी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
विजिलेंस सेल के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव के रूप में हुई है, जो पीडब्ल्यूडी के सीपी डिवीजन नंबर-2, चंडीगढ़ में आउटसोर्स क्लर्क के तौर पर कार्यरत था। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग को बताया था कि उसके पिता की पेंशन और अन्य वित्तीय लाभों से संबंधित कार्य लंबित है और उसे पूरा करने के लिए आरोपी ₹30,000 की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजिलेंस सेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना विजिलेंस, चंडीगढ़ में एफआईआर नंबर-01, दिनांक 8 जुलाई 2026 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत दर्ज की गई।
इसके बाद विजिलेंस अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता आरोपी को रिश्वत की राशि देने पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने पुराने यूटी सचिवालय भवन, सेक्टर-9, चंडीगढ़ के पीछे ₹30,000 की रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई।
विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कहीं इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या अधिकारी भी शामिल तो नहीं है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भ्रष्टाचार की शिकायत तुरंत करें: प्रशासन की अपील
चंडीगढ़ प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्य के लिए रिश्वत न दें। यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी या किसी सरकारी विभाग से जुड़ा व्यक्ति रिश्वत की मांग करता है या भ्रष्टाचार संबंधी कोई जानकारी मिलती है, तो उसकी तुरंत सूचना विजिलेंस सेल को दें।
शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रशासन ने 24×7 विजिलेंस हेल्पलाइन (व्हाट्सएप सहित) 8360817378 उपलब्ध कराई है। इसके अलावा 0172-2760820 और 0172-2740012 लैंडलाइन नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है। नागरिक sspvigc.chd@nic.in तथा vigilance-chd@nic.in ई-मेल के माध्यम से भी शिकायत भेज सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति सीधे पुलिस थाना विजिलेंस, चंडीगढ़ पहुंचकर भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।












Total Users : 366622
Total views : 600284