प्रदर्शन ग्रेडिंग सूचकांक 2.0 में चंडीगढ़ ने रचा इतिहास, देश में प्रथम स्थान हासिल
प्रदर्शन ग्रेडिंग सूचकांक 2.0 में चंडीगढ़ देश में नंबर-1, ‘उत्तम-3’ ग्रेड पाने वाला एकमात्र राज्य/यूटी
शिक्षा के हर पैमाने पर उत्कृष्ट प्रदर्शन, गवर्नेंस और समानता के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर बनाया नया कीर्तिमान
रमेश गोयत
चंडीगढ़, जुलाई 2026। शिक्षा विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन ने विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदर्शन ग्रेडिंग सूचकांक 2.0 (2025-26) में देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पहला स्थान प्राप्त किया है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी रैंकिंग में चंडीगढ़ ने 1000 में से 766 अंक हासिल किए हैं और ‘उत्तम-3’ ग्रेड प्राप्त करने वाला देश का एकमात्र राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बन गया है।
चंडीगढ़ ने पिछले वर्ष के 739.1 अंकों की तुलना में इस बार 766 अंक प्राप्त कर 26.9 अंकों (3.64 प्रतिशत) की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की है। इस वर्ष देश का कोई भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश उत्कर्ष, उत्तम-1 या उत्तम-2 श्रेणी तक नहीं पहुंच सका, जबकि चंडीगढ़ अकेले ‘उत्तम-3’ ग्रेड में शामिल हुआ। चंडीगढ़ ने पंजाब, केरल, दिल्ली तथा दादरा एवं नगर हवेली-दमन एवं दीव जैसे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से भी काफी अधिक अंक हासिल किए।
समानता और सुशासन में शानदार प्रदर्शन
प्रदर्शन ग्रेडिंग सूचकांक 2.0 के विभिन्न मानकों में भी चंडीगढ़ का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। डोमेन-4 (समानता में 260 में से 239.8 अंक (92.2 प्रतिशत) प्राप्त कर चंडीगढ़ ने प्रतिष्ठित ‘उत्कर्ष’ ग्रेड हासिल किया। इस श्रेणी में शीर्ष ग्रेड प्राप्त करने वाले देश के केवल तीन राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में चंडीगढ़ शामिल है।
इसके अलावा डोमेन-2 (शिक्षा तक पहुंच) में 90.6 प्रतिशत तथा डोमेन-6 (शिक्षक शिक्षा एवं प्रशिक्षण) में 85.5 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। छह में से पांच डोमेन में चंडीगढ़ ने ‘उत्तम’ या उससे उच्च ग्रेड प्राप्त किया, जबकि किसी भी डोमेन में उसका प्रदर्शन ‘प्रचेस्ता-2’ से नीचे नहीं रहा।
सबसे बड़ी उपलब्धि गवर्नेंस प्रोसेसेस डोमेन में रही, जहां चंडीगढ़ पूरे देश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाला एकमात्र राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बना। यह उपलब्धि डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी प्रशासन, प्रभावी शैक्षिक सुधार, बेहतर वित्तीय प्रबंधन और मजबूत निगरानी व्यवस्था का प्रमाण मानी जा रही है।
70 संकेतकों के आधार पर हुआ
मूल्यांकन
प्रदर्शन ग्रेडिंग सूचकांक 2.0 के तहत विद्यालयी शिक्षा प्रणाली का मूल्यांकन 70 संकेतकों के आधार पर किया जाता है, जिन्हें छह प्रमुख डोमेन में विभाजित किया गया है। इसके लिए UDISE+, PARAKH राष्ट्रीय सर्वेक्षण, पीएम पोषण, PRABANDH तथा विद्यांजलि जैसे प्रमाणित स्रोतों के आंकड़ों का उपयोग किया जाता है।
मुख्य सचिव ने जताया गर्व
चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदर्शन ग्रेडिंग सूचकांक 2.0 में देश का सर्वोच्च प्रदर्शन करने वाला राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बनना पूरे प्रशासन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रत्येक बच्चे को समान, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की प्रशासन की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
राज्यपाल एवं प्रशासक ने दी बधाई
पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि लगातार चौथे मूल्यांकन में देश का सर्वोच्च प्रदर्शन करने वाला राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बनकर चंडीगढ़ ने विद्यालयी शिक्षा में अपनी राष्ट्रीय अग्रणी पहचान को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि गवर्नेंस प्रोसेसेस में देश में शीर्ष स्थान प्राप्त करना पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित प्रशासन का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शिक्षा विभाग, विद्यालय प्रमुखों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और सभी हितधारकों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उत्कृष्टता और नवाचार की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।












Total Users : 366622
Total views : 600284