ASI ने फिल्मी अंदाज में दबोचा
रमेश गोयत
पंचकूला, 15 जुलाई। पंचकूला में चेन स्नैचिंग की एक सनसनीखेज वारदात में ऐसा खुलासा हुआ जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। सेक्टर-5 में सोमवार शाम एक युवती के गले से सोने की चेन झपटकर भागने वाला आरोपित कोई आम बदमाश नहीं, बल्कि हरियाणा पुलिस में तैनात स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) निकला। आरोपित की पहचान संजीव, निवासी नारायणगढ़ (अंबाला) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पंचकूला के सेक्टर-16 पुलिस चौकी में तैनात था।
घटना के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे हरियाणा पुलिस के एएसआई आनंद प्रकाश ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी कार से आरोपित का पीछा किया और उसकी बाइक को टक्कर मारकर उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई।
पैदल घर लौट रही युवती बनी निशाना
जानकारी के अनुसार सेक्टर-2 निवासी एक युवती सोमवार शाम करीब 5 बजे विशाल मेगामार्ट से खरीदारी कर पैदल अपने घर लौट रही थी। जब वह सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल के पास पहुंची, तभी पीछे से बाइक पर आए युवक ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली और तेज रफ्तार से फरार होने लगा।
युवती के शोर मचाने पर आसपास अफरा-तफरी मच गई। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एएसआई आनंद प्रकाश की नजर भागते हुए आरोपित पर पड़ी। उन्होंने बिना देरी किए अपनी कार से पीछा शुरू कर दिया।
कार से बाइक को टक्कर मारकर पकड़ा
कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद एएसआई आनंद प्रकाश ने अपनी कार से आरोपित की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक असंतुलित होकर गिर गई और आरोपी भागने से पहले ही दबोच लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित संजीव हरियाणा पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) के पद पर कार्यरत है। वह अंबाला जिले के नारायणगढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में पंचकूला के सेक्टर-16 पुलिस चौकी में तैनात था।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपित ने वारदात को अंजाम देने से पहले अपनी बाइक की नंबर प्लेट पर काली टेप चिपकाकर वाहन का नंबर छिपा दिया था, ताकि पहचान न हो सके। इससे स्पष्ट होता है कि उसने अपराध की पूर्व योजना बनाई थी।
थाना सेक्टर-5 में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ सेक्टर-5 थाना में स्नैचिंग सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि क्या वह पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहा है या किसी गिरोह से उसका संबंध है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और सेवा संबंधी पहलुओं की भी जांच कर रही है
पुलिस विभाग की साख पर सवाल
इस घटना ने हरियाणा पुलिस की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जवान पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी थी, उसी पर चेन स्नैचिंग जैसे अपराध का आरोप लगने से लोगों में नाराजगी है। हालांकि, दूसरी ओर एएसआई आनंद प्रकाश की तत्परता और बहादुरी ने यह भी साबित किया कि पुलिस विभाग में ऐसे अधिकारी भी हैं जो अपराधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटते, चाहे आरोपी विभाग का ही कर्मचारी क्यों न हो।











Total Users : 370542
Total views : 605610