सांसद कार्तिकेय शर्मा ने प्रधान सहित नवनियुक्त कार्यकारिणी को दिलाई शपथ
न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण: सांसद
जिला बार एसोसिएशन के विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा
रमेश गोयत
पंचकूला 15 सितंबर: जिला बार एसोसिएशन पंचकूला की नवनियुक्त कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिला न्यायालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने जिला बार एसोसिएशन के नवनियुक्त प्रधान और पूरी कार्यकारिणी के सदस्यों को शपथ दिलाई।
समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया और नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए केवल नीतियों में बदलाव ही नहीं, बल्कि सोच में बदलाव भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज और देश के विकास में न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समय के साथ कानूनी सुधार आवश्यक हैं। उन्होंने न्यायपालिका को आम आदमी के विश्वास का सबसे बड़ा केंद्र बताते हुए कहा कि लोगों को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि वकील न्याय व्यवस्था के सबसे महत्वपूर्ण पूरक हैं और समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी में उनकी अहम भूमिका रहती है। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने जिला बार एसोसिएशन के विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की।
इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण और मातृशक्ति के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बार एसोसिएशन परिसर में ‘नमो शक्ति रथ’ के माध्यम से निःशुल्क ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करने की पेशकश की गई। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय रहते गंभीर बीमारियों की पहचान सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त कार्यकारिणी ने अधिवक्ताओं के हितों, बार एसोसिएशन के विकास और न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।















Total Users : 414270
Total views : 664645