September 16, 2026 2:58 am

September 16, 2026 2:58 am

चंडीगढ़: सर विश्वेश्वरैया की जयंती पर चंडीगढ़ प्रशासन ने मनाया अभियंता दिवस

अभियंताओं ने राष्ट्र निर्माण, सतत विकास और गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचे के लिए नवाचार के साथ कार्य करने का लिया संकल्प
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 15 सितंबर: चंडीगढ़ प्रशासन के अभियांत्रिकी विभाग की ओर से महान अभियंता एवं भारत रत्न से सम्मानित सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को अभियंता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीलक्स बिल्डिंग, सेक्टर-9, चंडीगढ़ में किया गया। इस अवसर पर सर विश्वेश्वरैया के अभियांत्रिकी, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम मुख्य अभियंता, यू.टी. चंडीगढ़  सी.बी. ओझा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। इसमें अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता और उपमंडल अभियंताओं सहित विभाग के अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया का जीवन अभियंताओं के लिए समर्पण, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से देश के विकास में अभियांत्रिकी की महत्वपूर्ण भूमिका को स्थापित किया। उनके योगदान को आज भी देशभर में सम्मान और प्रेरणा के साथ स्मरण किया जाता है।
शहर के विकास में अभियंताओं की भूमिका रेखांकित
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र निर्माण और चंडीगढ़ के बुनियादी ढांचे के विकास में अभियंताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि सुनियोजित शहरी विकास, मजबूत आधारभूत ढांचा और बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने में अभियांत्रिकी विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
अधिकारियों ने यू.टी. चंडीगढ़ में अभियांत्रिकी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए समर्पण, नवाचार और व्यावसायिक दक्षता के साथ कार्य करते रहने का संकल्प लिया। इस दौरान परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

नई तकनीक और सतत विकास पर जोर
अभियंता दिवस के अवसर पर आयोजित विचार-विमर्श में सतत विकास, नवीन प्रौद्योगिकियों को अपनाने और परियोजनाओं की गुणवत्ता जैसे विषयों पर अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बदलती शहरी आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने और विकास कार्यों में गुणवत्ता के उच्च मानकों को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि चंडीगढ़ को एक सुनियोजित शहर का स्वरूप प्रदान करने और देश के उत्कृष्ट शहरी मॉडलों में इसकी प्रतिष्ठा बनाए रखने में अभियंताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शहर की सड़कों, जल निकासी व्यवस्था, भवनों, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास में अभियांत्रिकी विभाग लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

जनसेवा में उत्कृष्टता और ईमानदारी बनाए रखने का आह्वान
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अभियंता सी.बी. ओझा ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनसेवा में उत्कृष्टता, गुणवत्ता और सत्यनिष्ठा के मूल्यों को बनाए रखने के प्रति अभियांत्रिकी विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने अभियंताओं का आह्वान किया कि वे सर विश्वेश्वरैया के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेते हुए नवाचार, निष्ठा और समर्पण के साथ समाज एवं राष्ट्र के कल्याण के लिए कार्य करते रहें।

अभियंता दिवस समारोह में महिला अधिकारी को आमंत्रण न मिलने पर उठाए सवाल
चंडीगढ़: चंडीगढ़ प्रशासन के अभियांत्रिकी विभाग की ओर से मंगलवार को सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर आयोजित अभियंता दिवस समारोह को लेकर विभाग की एक महिला इंजीनियर अधिकारी ने आपत्ति जताई है। महिला अधिकारी का आरोप है कि उन्हें समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया, जबकि विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
महिला अधिकारी के अनुसार, “जानबूझकर मुझे ऐसी जगह मीटिंग में भेज दिया गया, जहां मेरे जाने का कोई औचित्य नहीं था।” उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी जताई है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अभियंता दिवस जैसे विभागीय कार्यक्रम में एक भी महिला इंजीनियर अधिकारी की तस्वीर समारोह से सामने नहीं आई। इससे विभाग में महिला अधिकारियों की सहभागिता और उन्हें दिए जा रहे प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
हालांकि, महिला अधिकारी के आरोपों पर चंडीगढ़ प्रशासन के अभियांत्रिकी विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। समारोह में मुख्य अभियंता सी.बी. ओझा सहित विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता और उपमंडल अभियंता शामिल हुए थे।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 4 2 7 0
Total Users : 414270
Total views : 664645

शहर चुनें