बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रख्यात साइकिलिस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमेन देबनाथ के राष्ट्रव्यापी साइकिल अभियान ‘Mission Bharat – Reunion Bharat’ की सराहना करते हुए इसकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सोमेन देबनाथ को प्रशंसा पत्र जारी कर उनके अभियान को युवाओं, पर्यावरण और राष्ट्रीय एकता से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रशंसा पत्र में कहा कि यह जानकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई कि सोमेन देबनाथ अपने नए राष्ट्रीय अभियान के संकल्प के साथ साइकिल यात्रा पर हैं। उन्होंने बताया कि सोमेन देबनाथ ने 27 मई 2004 को अपनी विश्व साइकिल यात्रा शुरू की थी और इस दौरान 161 देशों तथा सात महाद्वीपों का भ्रमण किया। लगभग दो लाख किलोमीटर की इस चुनौतीपूर्ण यात्रा में उन्होंने वैश्विक स्तर पर एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ भारतीय संस्कृति, शांति और मानवता का संदेश दुनिया तक पहुंचाया।

16 वर्षों की वैश्विक यात्रा के बाद मातृभूमि के लिए समर्पण
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 16 वर्षों के अद्भुत वैश्विक अनुभव के बाद सोमेन देबनाथ का अपनी मातृभूमि के गांवों, युवाओं और पर्यावरण के प्रति समर्पित होना वंदनीय है। उनके वर्तमान अभियान के तहत देश के विभिन्न हिस्सों को साइकिल यात्रा के माध्यम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी, द्वारका से कामाख्या तथा अरुणाचल प्रदेश से मिजोरम तक यात्रा के माध्यम से ‘एक भारत, एक भावना’ का संदेश देना अनुकरणीय पहल है।
साइकिल को बनाया जागरूकता और जनसंवाद का माध्यम
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सोमेन देबनाथ ने साइकिल को केवल यात्रा का साधन न बनाकर पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और सीधे जनसंवाद का माध्यम बनाया है। उन्होंने उनके इस प्रयास को भगीरथ प्रयास बताते हुए इसकी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि देश का युवा वर्ग सोमेन देबनाथ के ‘राष्ट्र-प्रथम’ संकल्प से प्रेरणा लेकर समाज निर्माण में सक्रिय योगदान देगा।
प्रशंसा पत्र के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमेन देबनाथ को ‘एक भारत, एक भावना’ यात्रा की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा—‘जय हिंद, जय देवभूमि उत्तराखंड।’












Total Users : 428333
Total views : 683287