रेलवे लाइन, श्मशान घाट और घग्गर किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे थे चोरी के वाहन; आरोपी पर पहले से चोरी के 8 मामले दर्ज
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
पंचकूला, 27 सितंबर। पंचकूला पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर 12 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी चोरी किए गए वाहनों को एक जगह रखने के बजाय अलग-अलग सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखता था।
पुलिस के मुताबिक बरामद वाहनों में कई वाहन रेलवे लाइन, श्मशान घाट तथा घग्गर नदी के आसपास झाड़ियों में छिपाए गए थे। पूछताछ में आरोपी ने इन वाहनों को आगे बेचने की फिराक में होने की बात सामने आई है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को सेक्टर-19 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल 23 सितंबर को अपने मकान के नीचे ब्लॉक में खड़ी की थी। कुछ समय बाद मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। शिकायत के आधार पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-2 पंचकूला की टीम ने फेस-1, सेक्टर-19 से आरोपी कर्ण खान निवासी खड़क मंगोली, पंचकूला, उम्र करीब 29 वर्ष को काबू किया। पुलिस ने उसके कब्जे से शिकायतकर्ता की चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
अलग-अलग सुनसान जगहों पर छिपा रखे थे वाहन
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें 12 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी किए गए वाहनों को एक ही स्थान पर नहीं रखता था। उसने पुलिस से बचने के लिए वाहनों को रेलवे लाइन, श्मशान घाट और घग्गर नदी के आसपास की सुनसान झाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा था।
पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों के रिकॉर्ड से मिलान कर रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वाहनों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी चोरी के 8 मामले दर्ज
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कर्ण खान के खिलाफ पहले से ही चोरी के 8 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब ढाई माह पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था और बाहर आने के बाद उसने दोबारा वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वाहन चोरी पर पुलिस का विशेष फोकस
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए लगातार विशेष अभियान चला रही है। क्राइम ब्रांच और थाना स्तर की टीमों को चोरी की वारदातों को सुलझाने, आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा वाहन चोरी में संलिप्त आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। बरामद वाहनों का संबंधित मामलों से रिकॉर्ड मिलान कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को वापस दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई: एसीपी क्राइम अमन कुमार के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने यह कार्रवाई की। क्राइम ब्रांच-2 के प्रभारी प्रवीण मलिक की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामदगी की कार्रवाई को अंजाम दिया।












Total Users : 428272
Total views : 683206