एसवी एंड एसीबी हिसार की टीम ने फतेहाबाद जिले के बड़ोपल में तैनात जेई रतन को रिश्वत राशि सहित पकड़ा
बिजली का जुर्माना कम करने के बदले शिकायतकर्ता से मांगी थी 15 हजार रुपये की रिश्वत
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 19 नवंबर। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), हिसार की टीम ने बिजली निगम के एक जेई को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रतन के रूप में हुई है, जो दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएनएल) के बड़ोपल, जिला फतेहाबाद में जेई के पद पर तैनात है।
बिजली का जुर्माना कम करने के बदले मांगी थी रिश्वत
मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी को शिकायत दी कि जेई रतन ने उसका बिजली का जुर्माना कम करने की एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसवी एंड एसीबी यूनिट भिवानी के निरीक्षक जगजीत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी जेई रतन को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
आरोपी रतन के विरुद्ध एफआईआर संख्या 50, दिनांक 19 नवंबर 2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, हिसार में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
आमजन से अपील
हरियाणा पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत एसवी एंड एसीबी के टोल-फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर करें। व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत भेजी जा सकती है। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। शिकायतकर्ताओं की पहचान एवं गोपनीयता बनाए रखने को प्राथमिकता दी जाती है।












Total Users : 457983
Total views : 724246