November 19, 2026 4:49 pm

November 19, 2026 4:49 pm

ट्राईसिटी में हेरोइन सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, 11 लाख रुपये से अधिक की नशे की खेप बरामद

पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में पेट्रोल पंप के पास से पकड़े गए दोनों आरोपी, 55.12 ग्राम हेरोइन बरामद; अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल

बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 19 नवंबर। ट्राईसिटी क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई करने वाले दो कथित नशा तस्करों को पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 55 ग्राम 12 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी कीमत 11 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के ढकौली निवासी 31 वर्षीय राहुल और 19 वर्षीय वंश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-2 की टीम को 17 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल और वंश ट्राईसिटी क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई करते हैं। सूचना में बताया गया था कि दोनों आरोपी हेरोइन की खेप लेकर पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में पहुंचने वाले हैं।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच-2 के प्रभारी प्रवीण कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी। पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में पेट्रोल पंप के पास बने गंदे नाले के नजदीक दोनों संदिग्ध युवकों को काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 55 ग्राम 12 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी ट्राईसिटी क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई करने का काम करते थे। इस मामले में थाना सेक्टर-20 पंचकूला में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान उनसे पूछताछ कर पता लगाया जाएगा कि वे हेरोइन कहां से खरीदकर लाते थे, इस अवैध कारोबार में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ट्राईसिटी में उनका सप्लाई नेटवर्क कितना फैला हुआ है। पुलिस का प्रयास है कि नशे की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

 

नशा तस्करी में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा : पंकज नैन

पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का भविष्य बर्बाद नहीं करता, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। पंचकूला पुलिस नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शेगी नहीं। पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि उनके पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करना है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास नशे की खरीद-फरोख्त या इससे जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 8 0 6 9
Total Users : 458069
Total views : 724350

शहर चुनें