November 25, 2026 3:04 pm

November 25, 2026 3:04 pm

एमसीएम में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित

बाबूगिरी न्यूज़

चंडीगढ़, 25 नवंबर: मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन की विकसित भारत अभियान समिति ने गीतांजलि काउंसलिंग हेल्पलाइन के सहयोग से ‘ब्रेकिंग द साइलेंस: मेंटल हेल्थ विदाउट स्टिग्मा’ शीर्षक से एक सारगर्भित एवं संवादात्मक सत्र का आयोजन किया। ‘मौन तोड़ें, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कलंक को मिटाएं और मानसिक कल्याण को बढ़ावा दें’ के उद्देश्य से आयोजित इस सत्र का लक्ष्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करना, इस विषय पर खुलकर संवाद करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा मनोवैज्ञानिक कल्याण के प्रति संवेदनशील और पूर्वाग्रह-मुक्त दृष्टिकोण विकसित करना था।
प्रख्यात कंसल्टिंग साइकोलॉजिस्ट, आरईबीटी थेरेपिस्ट एवं मनःस्थिति की संस्थापक डॉ. श्रेया पाहवा ने सत्र में संसाधन विशेषज्ञ के रूप में शिरकत की। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) द्वारा निर्धारित मानसिक स्वास्थ्य की परिभाषा को विस्तार से समझाते हुए कहा कि मनोवैज्ञानिक कल्याण का अर्थ केवल मानसिक बीमारी का अभाव नहीं है, बल्कि यह उससे कहीं अधिक व्यापक अवधारणा है। थेरेपी के तीन ‘डी’ अर्थात् डिस्ट्रेस (मानसिक परेशानी), डेवलपमेंट (व्यक्तिगत विकास) और डिसऑर्डर (मानसिक विकार) की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बताया कि पेशेवर परामर्श लेना केवल भावनात्मक संकट के समय ही आवश्यक नहीं होता, बल्कि यह आत्म-जागरूकता और व्यक्तिगत विकास का भी प्रभावी माध्यम है।
रोचक चर्चाओं और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से डॉ. पाहवा ने भावनात्मक दृढ़ता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समझाया कि भावनाएं हमारे लिए महत्वपूर्ण संकेतों का कार्य करती हैं और कठिन भावनाओं को दबाने के बजाय उन्हें स्वीकार करना तथा समझना अधिक स्वस्थ दृष्टिकोण है। उन्होंने अल्बर्ट एलिस के एबीसी मॉडल—एक्टिवेटिंग इवेंट (घटना), बिलीफ (विश्वास) और कॉन्सिक्वेंस (परिणाम)—से भी विद्यार्थियों को परिचित कराया तथा बताया कि व्यक्ति के विचार उसके भावनात्मक और व्यवहारगत प्रतिक्रियाओं को किस प्रकार प्रभावित करते हैं। इस सत्र ने विद्यार्थियों को भावनात्मक चुनौतियों से निपटने और अपने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति अधिक सकारात्मक एवं स्वस्थ दृष्टिकोण विकसित करने के व्यावहारिक उपाय प्रदान किए।
कार्यवाहक प्राचार्या  नीना शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और समय पर पेशेवर सहायता लेने को समग्र कल्याण के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि सहायता मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि शक्ति, साहस और आत्म-जागरूकता का परिचायक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक कलंक और झिझक को दूर कर इस विषय पर खुलकर बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित किया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 1 2 4 2
Total Users : 461242
Total views : 728829

शहर चुनें