सक्षम पंचायत और जवाबदेह नगरपालिका ही विकसित हरियाणा की मजबूत नींव: मुख्यमंत्री
स्थानीय निकायों को अधिकार, क्षमता और वित्तीय संसाधनों से सशक्त बनाना सरकार का लक्ष्य
पंचायतें अपनी साझा भूमि, तालाबों और सामुदायिक संपत्तियों को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें
स्थानीय निकायों द्वारा जुटाए गए अतिरिक्त संसाधनों के बराबर राशि देगी सरकार, मिलेगा मैचिंग ग्रांट
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति और अग्निशमन सेवाएं चरणबद्ध तरीके से स्थानीय निकायों को सौंपी जाएंगी
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 24 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सक्षम पंचायतें और जवाबदेह नगरपालिकाएं ही विकसित हरियाणा की मजबूत नींव हैं। सरकार का लक्ष्य स्थानीय निकायों को केवल प्रशासनिक इकाई तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अधिकारों, क्षमताओं और अपने वित्तीय संसाधनों से युक्त प्रभावी स्थानीय सरकार के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम में पंचायतों और नगरपालिकाओं को सशक्त बनाने के विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं ने अपने अनुभव, नवाचार और सफल प्रयोग साझा किए हैं। दो दिनों के गहन विचार-विमर्श से स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाने का व्यावहारिक रोडमैप तैयार हुआ है। यह सम्मेलन स्थानीय स्वशासन की नींव मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत सचिवालयों की फाइलों में नहीं, बल्कि गांव की गलियों और शहरों के मोहल्लों में बसती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज का सपना देखा था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का विराट लक्ष्य देश के सामने रखा है। इन दोनों लक्ष्यों की प्राप्ति का रास्ता गांव की चौपाल और शहर के वार्ड से होकर गुजरता है। विकसित भारत की भव्य इमारत की नींव पंचायतों और वार्डों में ही रखी जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 साल में कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है जो विश्व स्तर पर एक रिकॉर्ड है।
स्थानीय निकायों की वित्तीय आत्मनिर्भरता जरूरी:
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में तीन महत्वपूर्ण विषयों- राजस्व जुटाना एवं वित्तीय आत्मनिर्भरता, स्वायत्तता एवं जवाबदेही तथा प्रभावी सेवा वितरण एवं समावेशी भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई है। इसके अनुरूप कोई भी सरकार तभी स्वतंत्र और प्रभावी निर्णय ले सकती है, जब उसका वित्तीय आधार मजबूत हो।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने पंचायतों को सीधे वित्तीय संसाधन हस्तांतरित करने की पारदर्शी व्यवस्था बनाई है। इसके अलावा स्टाम्प शुल्क और बिजली उपभोग के अंश से पंचायतों की नियमित आय सुनिश्चित की गई है। शहरी स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पूंजीमूल्य आधारित संपत्तिकर प्रणाली लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपनी साझा भूमि, तालाबों और सामुदायिक संपत्तियों को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें। वहीं, नगरपालिकाएं सरल और प्रभावी कर संग्रहण व्यवस्था अपनाकर अपनी वित्तीय क्षमता बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि अनुदान से काम चलता है, लेकिन अपनी आय से भविष्य बनता है।
स्थानीय निकायों के लिए 2 प्रतिशत अतिरिक्त ‘मैचिंग ग्रांट’ की घोषणा:
मुख्यमंत्री ने स्थानीय निकायों को वित्तीय रूप से और अधिक सशक्त बनाने के लिए राज्य के स्वयं के कर राजस्व (एसओटीआर) का 2 प्रतिशत अतिरिक्त कोष ‘मैचिंग ग्रांट’ के रूप में देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहरों के स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाएं अपने परियोजना प्रस्तावों के आधार पर प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से इस अतिरिक्त धनराशि का लाभ प्राप्त कर सकेंगी। वर्तमान में राज्य सरकार अपने स्वयं के कर राजस्व का 7 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय निकायों को आवंटित कर रही है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने राजस्व स्रोत विकसित करना आवश्यक है। इस दिशा में उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने ‘मैचिंग ग्रांट’ देने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत जो भी स्थानीय निकाय अपने स्तर पर अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाएगा, राज्य सरकार उतनी ही राशि मैचिंग ग्रांट के रूप में उपलब्ध करवाएगी। इससे स्थानीय निकायों द्वारा जुटाए गए प्रत्येक अतिरिक्त रुपये के साथ सरकार का सहयोग भी जुड़ेगा और क्षेत्र के विकास के लिए उपलब्ध संसाधन दोगुने हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जो स्थानीय निकाय नेतृत्व अपने क्षेत्र में सर्वाधिक स्वयं का राजस्व अर्जित करने में सफल रहेगा, उसे राज्य स्तर पर विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार स्थानीय निकायों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, पारदर्शी शासन और बेहतर वित्तीय प्रबंधन को प्रोत्साहित करेगा।
स्थानीय निकायों को मिलेंगी जनसेवाओं की जिम्मेदारियां:
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को वास्तविक अधिकार और शक्तियां प्रदान करने की दिशा में सरकार एक बड़ा नीतिगत कदम उठाने जा रही है। इसके तहत आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति तथा अग्निशमन सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण दायित्व स्थानीय निकायों को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय निकायों की निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी और वे अपने क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार जनसेवाओं का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे।
स्वायत्तता के साथ जवाबदेही भी जरूरी:
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को अधिक वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार देने के साथ उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित करना आवश्यक है। स्वायत्तता और जवाबदेही एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। इसके लिए पारदर्शिता, संपत्तियों की सटीक मैपिंग, समयबद्ध ऑडिट और मजबूत लेखांकन व्यवस्था अनिवार्य है। इस दिशा में तकनीक और डिजिटलीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ई-ग्राम स्वराज, डिजिटल संपत्ति अभिलेख और ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणालियों का उद्देश्य कागजी कार्यवाही कम करना और शासन को आम नागरिक के हाथों तक पहुंचाना है। जब पंचायतों और नगरपालिकाओं का प्रत्येक पैसा ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों पर खर्च होगा, तभी वास्तविक सुशासन स्थापित होगा।
विकास का पैमाना आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के आंकड़े तभी सार्थक हैं, जब उनसे आम आदमी के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए। स्वच्छ पेयजल, ठोस कचरा प्रबंधन, सुगम सड़कें, आधुनिक पुस्तकालय और स्वच्छ वातावरण प्रत्येक नागरिक की बुनियादी आवश्यकता और अधिकार हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हरियाणा में कचरे से ऊर्जा बनाने के चार बड़े क्लस्टर प्रोजेक्ट और 350 ई-अटल पुस्तकालयों जैसी पहलों की सम्मेलन में सराहना हुई है। इन प्रयासों से जहां कचरे का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में होगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल ज्ञान के नए द्वार खुलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में पिछड़ा वर्ग-बी को आरक्षण के माध्यम से प्रतिनिधित्व दिया है। इसके अलावा ग्राम जल एवं सीवरेज समितियों में महिलाओं की कम से कम 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इससे स्थानीय शासन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता बढ़ी है।
हरियाणा-विशिष्ट सुधार रोडमैप बनेगा कार्ययोजना की धुरी:
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सम्मेलन की सफलता का आकलन इस बात से होता है कि उसके बाद धरातल पर क्या बदलाव आया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि सम्मेलन में मिले सौ अच्छे विचारों में से कम से कम एक विचार को अपनी स्थानीय जरूरतों के अनुसार अपनाकर उसे धरातल पर लागू करें। उन्होंने बताया कि दोनों संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रोफेसर वी.एन. आलोक के नेतृत्व में प्रस्तुत हरियाणा-विशिष्ट सुधार रोडमैप केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आगामी वर्षों का कार्य-संकल्प है। यह रोडमैप अलमारी की शोभा बनने के बजाय सरकार की कार्ययोजना की धुरी बनेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन से प्राप्त ठोस अनुशंसाओं और जनप्रतिनिधियों के फीडबैक को गंभीरता से संकलित कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। इनका हरियाणा विजन-2047 और प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सुझाव पर कार्रवाई होनी चाहिए और हर फीडबैक का हिसाब रखा जाना चाहिए।
जनप्रतिनिधि अपने कार्यों से जनता के विश्वास पर खरे उतरें
मुख्यमंत्री ने सरपंचों, पंचों, पार्षदों, महापौरों और निकाय अध्यक्षों से कहा कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था के वास्तविक ध्वजवाहक हैं। जनता ने उन्हें चुनकर जिम्मेदारी सौंपी है और अब उन्हें अपने कार्यों से यह साबित करना है कि जनता का निर्णय सही था।
उन्होंने कहा कि सरकार संसाधन और नीतियां उपलब्ध करा सकती है, लेकिन प्राथमिकताएं तय करना, सही स्थान पर सही कार्य करवाना और उसे समय पर पूरा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। इसी प्रकार सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ग्राम सभाओं और वार्ड समितियों को सक्रिय बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जब ग्राम सभा जीवंत होती है, तो योजना सरकार की नहीं, बल्कि जनता की बन जाती है। पंचायतों व नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। ऐसा करने वालों को जनता लंबे समय तक याद रखती है।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान, गुरुग्राम विश्वविद्यालय, संबंधित विभागों, विषय विशेषज्ञों और शोधार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया, जिनके मार्गदर्शन और अनुभव ने सम्मेलन को राष्ट्रीय स्तर की गरिमा प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प ऐसा सशक्त हरियाणा बनाने का है, जहां गांवों में शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं हों और शहरों में गांवों जैसी आत्मीयता हो। जब हरियाणा की प्रत्येक पंचायत और नगरपालिका आत्मनिर्भर एवं संवेदनशील बनेगी, तभी प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनेगा और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य साकार होगा।
इस अवसर पर पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के ओएसडी व स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू, भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के प्रोफेसर वीएन आलोक तथा गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति संजय कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
भाजपा-शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन पंजाब को नई दिशा देने और मजबूत बनाने का काम करेगा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने कहा, यह राजनीतिक नहीं, बल्कि दिलों का प्राकृतिक गठबंधन है, पंजाब के हितों और लोगों के सम्मान के लिए मिलकर करेंगे काम
मुख्यमंत्री ने पंजाब से गैंगस्टरवाद और नशे को समाप्त करने, किसानों, महिलाओं और गरीबों के उत्थान को बताया प्राथमिकता
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 24 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को पंजाब के हित में लिया गया महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह गठबंधन प्रदेश को मजबूती देने, नई दिशा प्रदान करने और लोगों के सम्मान की रक्षा करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि दिलों का गठबंधन और प्राकृतिक साझेदारी है। इसका उद्देश्य पंजाब को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना और प्रदेश के लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करना है। मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की सभी हरियाणा एवं देशवासियों, विशेषकर पंजाब की संगत और प्रदेशवासियों को लाख-लाख बधाइयां एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सेवा, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी समाज को एकता और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब के हितों को ध्यान में रखते हुए इस गठबंधन की पहल की है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के समय से भाजपा और अकाली दल के बीच चले आ रहे संबंधों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। यह गठबंधन पंजाब में गैंगस्टरवाद और नशे को समाप्त करने, किसानों को सम्मान देने, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने तथा गरीबों के उत्थान के लिए काम करेगा। उन्होंने पंजाब के लोगों से एकजुट होकर प्रदेश को मजबूत बनाने और नई दिशा देने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
गोवा फिल्म फेस्टिवल में अभिनेता पंकज झा ने हरियाणा पवेलियन का किया दौरा
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 24 नवंबर। गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के अंतर्गत वेव्स फिल्म बाजार में स्थापित हरियाणा स्टेट पवेलियन में चौथे दिन भी फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियों का आगमन जारी रहा। मंगलवार को अभिनेता पंकज झा ने हरियाणा पवेलियन का दौरा किया और प्रदेश की फिल्म नीति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने हरियाणा में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य सरकार द्वारा फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों में रुचि दिखाई।
फ़िल्म क्षेत्र से जुड़े आगंतुकों ने प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए उपलब्ध अवसरों, शूटिंग लोकेशनों तथा फिल्म निर्माताओं को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
हरियाणा पवेलियन के माध्यम से राज्य सरकार की ओर से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध शूटिंग लोकेशनों और फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। साथ ही, फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को हरियाणा में शूटिंग की संभावनाओं तथा अनुमति प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
हरियाणा सरकार का उद्देश्य प्रदेश को फिल्म निर्माण के एक आकर्षक केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकारों, निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए नए अवसर सृजित करना है।
बाबा साहब के सपने को साकार कर रही है सरकार- कृष्ण कुमार बेदी
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने गांव पिडारसी न्यू कॉलोनी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन का किया शिलान्यास
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 24 नवंबर – हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और गरीब परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। बाबा साहब अम्बेडकर भवन का निर्माण भी इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण कदम है। इस भवन में समाज के कार्यक्रम, बैठकें, सांस्कृतिक आयोजन और बच्चों की शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। इससे समाज में एकता और भाईचारा और मजबूत होगा।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मंगलवार को कुरुक्षेत्र के गांव पिडारसी न्यू कॉलोनी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता (पूर्व विधायक) एवं , अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. बंताराम वाल्मीकि ने की।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को बराबरी का अधिकार दिया। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया और कहा कि शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो – यही बाबा साहब का मूल मंत्र था। प्रदेश सरकार बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और शिक्षा के बल पर पूरे विश्व में नाम कमाया। आज की युवा पीढ़ी को बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। सरकार हर गांव में अम्बेडकर भवनों के निर्माण, मरम्मत और सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर गांव के सरपंच अनिल कुमार सहित गांव के गणमान्य व्यक्ति, पंचायत सदस्य, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गुरुग्राम की तस्वीर बदलने के लिए मिशन मोड में काम करें अधिकारी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने जीएमडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ की विकास कार्यों की समीक्षा, स्वच्छता से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक की प्रगति जानी
मुख्यमंत्री ने कहा, स्वच्छता और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन पर माइक्रो मैनेजमेंट से करें काम
सीएंडडी वेस्ट के अस्थायी संग्रहण के लिए जिले में 10 स्थानों पर चिन्हित होगी एक-एक हेक्टेयर भूमि
शहर में कहीं भी धूल न उड़ने दें, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ का हो बेहतर रखरखाव : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश, पेयजल, सड़क और सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 24 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए शहर की स्वच्छता, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) के प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सड़क, पेयजल एवं सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम की व्यवस्थाओं के भीतर धरातल पर स्पष्ट बदलाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। अधिकारी पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को धरातल पर उतारें। उन्हें केवल कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट नहीं, बल्कि उनके वास्तविक परिणाम दिखाई देने चाहिए।
बैठक में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस.ढेसी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ यशपाल यादव, भी मौजूद रहे।
स्वच्छता और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन पर माइक्रो मैनेजमेंट से करें काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सीएंडडी वेस्ट के उचित निस्तारण के लिए अधिकारी माइक्रो मैनेजमेंट के स्तर पर काम करें। निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरी प्रक्रिया में संबंधित कंपनियों की जवाबदेही तय की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरे का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार हो।
सीएंडडी वेस्ट के अस्थायी संग्रहण के लिए जिले में 10 स्थानों पर चिन्हित होगी एक-एक हेक्टेयर भूमि
बैठक में जीएमडीए के सीईओ डी .के बेहेरा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सीएंडडी वेस्ट के व्यवस्थित प्रबंधन को लेकर नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिले में 10 अलग-अलग स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने की योजना बनाई गई है। इन स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का अस्थायी रूप से संग्रहण किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित भूमि को चारों ओर से कवर (चारदीवारी अथवा घेराबंदी) किया जाएगा, ताकि कचरे का अनियंत्रित फैलाव न हो और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी एवं प्रदूषण की समस्या पैदा न हो। इस व्यवस्था से सीएंडडी वेस्ट के संग्रहण और आगे उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने सीएंडडी वेस्ट के दीर्घकालिक एवं व्यवस्थित निस्तारण के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निकट जिले में लगभग 500 एकड़ भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में गुरुग्राम, मानेसर तथा फरीदाबाद का सी एंड डी वेस्ट का यहां निस्तारण किया जा सके।
दिल्ली से अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना
बैठक में दिल्ली से गुरुग्राम में अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वाले वाहनों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस संबंध में सीपी शिवास कविराज ने जानकारी दी कि अब तक ऐसी 12 गाड़ियों को जब्त किया जा चुका है तथा संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस प्रकार अवैध रूप से कचरा डालने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। संबंधित मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की स्वच्छता से किसी भी कीमत पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाहर से कचरा लाकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
शहर में कहीं भी धूल न उड़ने दें, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ का हो बेहतर रखरखाव
मुख्यमंत्री ने शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम में कहीं भी धूल उड़ती हुई दिखाई नहीं देनी चाहिए। सड़कों के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट में घास लगाई जाए और उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। फुटपाथों पर टाइल्स की जगह व्यवस्थित एवं टिकाऊ प्लेटें लगाने तथा प्रमुख सड़कों के किनारे बेहतर फुटपाथ विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का स्वरूप व्यवस्थित एवं आकर्षक होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम अधिकारियों से शहर की मौजूदा स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि सफाई कार्यों के लिए जिन कर्मचारियों एवं अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनकी उपस्थिति और कार्य की नियमित निगरानी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित संख्या में सफाई कर्मचारी धरातल पर मौजूद रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। शहर की प्रत्येक प्रमुख सड़क के लिए एक अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए, ताकि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही होने पर जवाबदेही तय की जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह शहर की नियमित व्यवस्था का हिस्सा बननी चाहिए।
पेयजल, सड़क और सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी
मुख्यमंत्री ने जीएमडीए की सड़क, पेयजल आपूर्ति एवं सीवरेज नेटवर्क से संबंधित मिसिंग लिंक परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गति प्रदान की जाए। पेयजल आपूर्ति के मुख्य नेटवर्क से छूटे हुए लिंक को जोड़कर शहर में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार सड़क नेटवर्क में जहां भी कनेक्टिविटी की कमी है, वहां मिसिंग लिंक विकसित कर आवागमन को सुगम बनाया जाए। उन्होंने सीवरेज नेटवर्क के अधूरे लिंक को भी शीघ्र जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि सीवरेज और जलनिकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि की उपलब्धता बाधा बन रही है, वहां अधिकारी लैंड एक्सचेंज सहित अन्य व्यावहारिक विकल्पों पर काम करते हुए समाधान निकालें। शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं का मजबूत एवं व्यवस्थित ढांचा तैयार किया जाए।
प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें संयुक्त आयुक्त
बैठक में पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सुझाव दिया कि नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें। चौक-चौराहों पर साफ-सफाई, हरियाली, उचित लाइटिंग और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ नागरिकों को भी बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी।
बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने की कार्रवाई जारी रखें
बैठक में शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या पर भी चर्चा हुई। गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अब तक लगभग 250 से अधिक बेसहारा गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में भेजा जा चुका है। इस दौरान कुछ स्थानों पर पशुओं को पकड़ने वाली टीमों के साथ मारपीट की घटनाओं का विषय भी सामने आया। मुख्यमंत्री ने ऐसी घटनाओं पर कड़ा संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि पशुओं के संरक्षण और शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई निरंतर जारी रहनी चाहिए।
बैठक में फरीदाबाद नगर निगम के आयुक्त यशेंद्र सिंह, डीसी उत्तम सिंह, जीएमडीए के एडिशनल सीईओ मोहम्मद इमरान रजा, गुरुग्राम नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त यश जालुका तथा रवींद्र यादव सहित जीएमडीए तथा नगर निगम गुरुग्राम के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
श्री कपाल मोचन मेले में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पाद बने आकर्षण, स्वदेशी स्टॉल से मिल रहा स्वरोजगार को बढ़ावा
जंगली मधुमक्खियों से तैयार शहद 500 रुपये प्रति किलो बिक रहा, मेले से महिलाओं को मिल रहा अच्छा कारोबार व प्रोत्साहन
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 24 नवंबर- मेला श्री कपाल मोचन-श्री आदि बद्री में आयोजित प्रदर्शनी के साथ लगे स्वदेशी मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणादायक कहानी बयां कर रहे हैं।
मेले में जिला अंबाला के गांव हरडा परी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल पर शहद, फूलों से तैयार शहद, हनी च्यवनप्राश तथा ड्राई फ्रूट हनी सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इन उत्पादों को महिलाओं द्वारा तैयार किया जा रहा है, जिससे उन्हें स्वरोजगार के साथ अपनी आमदनी बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। परी स्वयं सहायता समूह की प्रधान परवित्रा रानी ने बताया कि उनके समूह में कुल 11 महिलाएं शामिल हैं, जो मिलकर विभिन्न उत्पाद तैयार करने और उनकी बिक्री का कार्य करती हैं। समूह द्वारा प्राकृतिक रूप से प्राप्त शहद तथा शहद से तैयार अन्य उत्पादों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। स्टॉल पर जंगली मधुमक्खियों से तैयार शहद विशेष आकर्षण बना हुआ है, जिसे 500 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है। इसके अलावा शहद में ड्राई फ्रूट्स मिलाकर तैयार किए गए उत्पाद तथा हनी च्यवनप्राश भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार के मेले उनके लिए काफी लाभकारी साबित हो रहे हैं। एक ओर उन्हें अपनी मेहनत से तैयार उत्पादों की बिक्री का अवसर मिलता है, वहीं दूसरी ओर उन्हें अपने काम को आगे बढ़ाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेले एवं श्री कपाल मोचन मेला जैसे आयोजन महिला स्वयं सहायता समूहों को मंच प्रदान करते हैं और महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दिव्य नगर योजना के तहत पानीपत में आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम और सीसीएमएस को लागू करने के लिए 4097.75 लाख रुपये की मिली प्रशासनिक स्वीकृति- शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा
योजना के तहत 2048.87 लाख रुपये आवंटित करने को भी दी गई है मंजूरी
आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीएमएस लगने से शहर की सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी व्यवस्था होगी अधिक प्रभावी, नागरिकों व विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित होगी और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती-महीपाल ढांडा
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 24 नवंबर- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी बुनियादी ढांचे को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में दिव्य नगर योजना के अंतर्गत पानीपत नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम और सीसीएमएस (सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम) लगाने के लिए 4097.75 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही, योजना के तहत 2048.87 लाख रुपये आवंटित करने को भी मंजूरी दी गई है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की स्वीकृति से जारी की गई है। इसके लिए शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि पानीपत नगर निगम के कार्यालय से इस विकास परियोजना का प्रस्ताव और अनुमान प्रस्तुत किया गया था। आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीएमएस लगने से शहर की सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी व्यवस्था अधिक प्रभावी व ऊर्जा-दक्ष बनेगी। इससे नागरिकों व विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित होगी और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना की कुल स्वीकृत राशि 4097.75 लाख रुपये में से 50 प्रतिशत यानी 2048.87 लाख रुपये दिव्य नगर योजना के दिशानिर्देशों के अनुसार पानीपत नगर निगम द्वारा अपने स्वयं के कोष से वहन किए जाएंगे। नगर निगम राज्य के हिस्से की प्राप्ति से पहले योजना के अंतर्गत अपने हिस्से का उपयोग करेगा, जबकि राज्य का हिस्सा केवल वास्तविक रूप से किए गए कार्य के आधार पर, निर्धारित प्रक्रिया के अधीन और मांग पर ही जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्य को उच्च गुणवत्ता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए स्पष्ट शर्तें निर्धारित की गई हैं। नगर निगम आयुक्त यह सुनिश्चित करेंगे कि यह कार्य केवल नगर निगम के अधिकृत एवं अनुमोदित क्षेत्र में ही हो।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्य का निष्पादन विद्युत अधिनियम, 2003, लागू सीईए सुरक्षा विनियमों, भारत के राष्ट्रीय विद्युत संहिता और संबंधित बीआईएस मानकों के प्रावधानों के अनुरूप होगा, जिसमें एलईडी स्ट्रीट-लाइटिंग सिस्टम की स्थापना, अर्थिंग, सुरक्षा व संचालन के मानक शामिल हैं।
मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से पानीपत शहर की शहरी सुविधाओं में बड़ा सुधार आएगा और आमजन को बेहतर, सुरक्षित व आधुनिक नागरिक सेवाएं मिल सकेंगी।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर कपालमोचन की पावन धरती पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शिरकत की
मुख्यमंत्री ने श्राईन बोर्ड को धर्मशालाओं के विकास के लिए दिए 2 करोड़ रुपये
ड्रोन, लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से हरियाणा की गौरवशाली विरासत, श्री गुरु नानक देव जी का संदेश, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का कपालमोचन में 52 दिनों का प्रवास तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का शौर्य प्रदर्शित किया
गुरु नानक देव जी ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के माध्यम से मानवता को दिया जीवन जीने का मार्ग : मुख्यमंत्री
हरियाणा सरकार ने 1984 के दंगों में जान गंवाने वाले 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का किया प्रावधान
कहा, कुरुक्षेत्र में बनाया जा रहा प्रदेश का पहला सिख संग्रहालय, लौहगढ़ में 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ , 24 नवम्बर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं केवल किसी एक धर्म, समाज या समय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को सत्य, सेवा, समानता और सद्भाव का संदेश दिया। गुरु साहिब ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव की दीवारों को चुनौती देते हुए कहा कि परमात्मा की बनाई इस दुनिया में हर इंसान बराबर है।
मुख्यमंत्री सोमवार देर शाम यमुनानगर स्थित कपालमोचन की पावन धरती पर श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दूर-दूर से पहुंचे साध-संगत का अभिनंदन करते हुए प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ड्रोन, लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से हरियाणा की गौरवशाली विरासत को आकाश में साकार होते दिखाया गया। इसमें श्री गुरु नानक देव जी का सत्य, सेवा और समानता का संदेश, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का कपालमोचन में 52 दिनों का प्रवास तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का शौर्य प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने श्राईन बोर्ड को धर्मशालाओं के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की सहायता की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थराज कपालमोचन हमारी साझा आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत प्रतीक है। महाभारत और पुराणों की परंपराओं में भी इस तीर्थ का उल्लेख मिलता है। श्री गुरु नानक देव जी ने भी इस पावन स्थल पर अपने चरण रखे थे। भंगाणी के युद्ध के बाद दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का यहां 52 दिनों तक ठहरना इस भूमि के सिख इतिहास से गहरे संबंध को दर्शाता है।
गुरु नानक देव जी ने दिया समानता और मानवता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर पूरी मानव जाति को एक परिवार के रूप में देखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की वाणी में यह सार्वभौमिक भावना अत्यंत सुंदर ढंग से व्यक्त होती है- ‘अवल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत के सब बंदे। एक नूर ते सब जग उपजिया, कौन भले कौन मंदे।’
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानव जीवन को दिशा देने वाले तीन सरल सिद्धांत दिए- नाम जपो, किरत करो और वंड छको। ये सिद्धांत हमें आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनने का मार्ग भी दिखाते हैं। यदि हम इन सिद्धांतों को अपने घर, कार्यस्थल और समाज में अपनाएं तो अनेक सामाजिक समस्याओं का समाधान स्वत: हो सकता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने महिलाओं के सम्मान और समानता का भी संदेश दिया। उन्होंने नारी के सम्मान और समाज में उसकी महत्ता को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख गुरुओं की स्मृति को मिला राष्ट्रीय सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख गुरुओं की स्मृति और उनके महान संदेश को देशभर में सम्मान देने के अनेक कार्य किए हैं। वर्ष 2019 में श्री गुरु नानक देव जी का 550 वां प्रकाश पर्व पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। सुल्तानपुर लोधी को विरासत शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। पंजाब के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक से श्री करतारपुर साहिब गलियारे का विकास किया गया, जिसके लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की स्मृति में जामनगर में 750 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन किया। वहीं, श्री अमृतसर साहिब से श्री नांदेड़ साहिब तक तीर्थयात्रियों के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था भी की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश वर्ष को देशभर में मनाने का निर्णय लिया। इसी कड़ी में 24 अप्रैल, 2022 को पानीपत की ऐतिहासिक धरती पर ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400 वें प्रकाश वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इसके अलावा, साहिबजादों के बलिदान को स्मरण करते हुए प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।
हरियाणा में सिख गुरुओं की स्मृति में किए जा रहे अनेक कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पावन धरा का सिख गुरुओं से गहरा संबंध रहा है। अंबाला जिले का लखनौर साहिब अकाल पुरख श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की ननिहाल थी और उनका बचपन वहां बीता। धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में भी समय-समय पर आठ गुरुओं का आगमन हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिख गुरुओं की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। नवंबर 2025 में पूरे प्रदेश में श्री गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान दिवस मनाया गया। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर 2025 को ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश में विशाल समागम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा जारी सिक्के और डाक टिकट तथा हरियाणा सरकार द्वारा तैयार कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। उन्होंने बताया कि यमुनानगर जिले के कलेसर में 18 नवंबर, 2025 को श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वन स्थापित करने का निर्णय लिया गया। वहां गुरु तेग बहादुर द्वार भी बनाया गया है। यमुनानगर के किशनपुरा में गुरु तेग बहादुर कृषि महाविद्यालय खोलने की घोषणा की गई है। यमुनानगर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का नाम भी ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर सिंह जी के नाम पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1984 के दंगों में अपने परिजनों को खोने वाले 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। 24 दिसंबर 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंचकूला में इन परिवारों के सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2022 में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति की स्थापना की गई, जिससे सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई और प्रदेश में सिख समुदाय को स्वायत्तता मिली।
तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सरकार ने उठाए कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ शुरू की गई, ताकि श्री हजूर साहिब, श्री ननकाना साहिब, श्री हेमकुंड साहिब और श्री पटना साहिब जाने वाले तीर्थयात्रियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने बताया कि ‘प्रसाद योजना’ के तहत 27 नवंबर, 2023 को नाडा साहिब गुरुद्वारा, पंचकूला में 13.55 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग बनाई गई, जिसमें 300 वाहन पार्क किए जा सकते हैं। स्थित गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब को 27 जून, 2024 को 70 कनाल भूमि नि:शुल्क हस्तांतरित करने का निर्णय भी लिया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी श्रद्धालु धन के अभाव में तीर्थयात्रा से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाई गईं। पहली ट्रेन 5 मई, 2026 को कुरुक्षेत्र से और दूसरी ट्रेन 15 मई को सिरसा से रवाना हुई।
लौहगढ़ में 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि कपालमोचन से कुछ दूरी पर स्थित लौहगढ़ का भी सिख इतिहास में विशेष महत्व है। बाबा बंदा सिंह बहादुर जी ने इसे सिख राज्य की राजधानी बनाया था। लौहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर के नाम से एक ट्रस्ट बनाया गया है, जो यहां की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का कार्य कर रहा है। यहां 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के उमरी में छठी पातशाही गुरुद्वारे के पास सिख संग्रहालय बनाया जा रहा है। यह प्रदेश का पहला ऐसा संग्रहालय होगा, जिसमें सिख इतिहास, संस्कृति और गुरुओं के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सिख गुरुओं की शिक्षाओं और उनके महान योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने मेला श्री कपाल मोचन-आदिबद्री परिसर में स्थित 32 धर्मशालाओं के विकास कार्यों के लिए श्राईन बोर्ड को 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की तथा विधायक रखी गई मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन भी दिया। साढौरा के पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने समारोह में आए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, साढौरा की विधायक रेणु बाला, रतिया के विधायक सरदार जरनैल सिंह, पूर्व विधायक बलवन्त सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, पिंड मानुका गिल मोगा के बाबा गोबिन्द सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी, बंजारा,घुमंतू विमुक्त जाति के चेयरमैन सरदार जसमेर सिंह सहित भाजपा नेतागण व प्रशासन के अधिकारीगण, लाखों की संख्या में श्रद्घालु उपस्थित रहे।












Total Users : 461235
Total views : 728815