August 28, 2026 10:34 am

August 28, 2026 10:34 am

PANCHKULA: सेक्टर-12ए गांव रैली में अवैध कब्जों की भरमार, नगर निगम के प्रयास नाकाम

रेहड़ी-फड़ी और अवैध पार्किंग से दुकानदार व स्थानीय लोग परेशान
पंचकूला। सेक्टर-12ए स्थित गांव रैली क्षेत्र में अवैध कब्जों की समस्या लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है। नगर निगम द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन ये प्रयास जमीनी स्तर पर प्रभावी साबित नहीं हो पा रहे हैं। नतीजतन क्षेत्र में रेहड़ी-फड़ी, अवैध पार्किंग और स्थायी कब्जों की भरमार से आमजन और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बालाजी मंदिर के सामने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल विकसित किया गया था, लेकिन अब उसी पार्किंग पर अवैध कब्जे हो चुके हैं। आसपास कई धार्मिक संस्थाओं के भवन भी स्थित हैं, जहां आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को वाहन खड़ा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पार्किंग स्थल में कुछ लोगों ने अपने वाहन लंबे समय से खड़े कर रखे हैं, जिन पर धूल-मिट्टी जम चुकी है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इनका उपयोग स्थायी पार्किंग के रूप में किया जा रहा है।
इसके अलावा, शाम होते ही रेहड़ी-फड़ी वाले पार्किंग स्थल पर कब्जा जमा लेते हैं, जिससे वाहन खड़ा करने की जगह पूरी तरह समाप्त हो जाती है। गन्ना जूस, मूंगफली, पान-बीड़ी और सब्जी विक्रेताओं की दुकानों के कारण क्षेत्र में अव्यवस्था फैल रही है और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि उन्हें अपने वाहनों के लिए रोजाना पार्किंग ढूंढनी पड़ती है, जबकि रेहड़ी-फड़ी वाले बिना किसी रोक-टोक के सड़कों और पार्किंग स्थल पर दुकानें लगाकर खड़े रहते हैं। इससे उनके व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त और स्थायी कार्रवाई की जाए, पार्किंग स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव रैली क्षेत्र में व्यवस्था बहाल हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 6 5
Total Users : 399365
Total views : 644635

शहर चुनें