भगवंत सिंह मान सरकार बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नशा-मुक्त पंजाब के लिए प्रतिबद्ध: मोहिंदर भगत
मुख्यमंत्री सेहत योजना से राज्य के प्रत्येक नागरिक को 10 लाख तक कैशलेस इलाज की गारंटी
रमेश गोयत
मोहाली, 26 जनवरी: पंजाब के रक्षा सेवाएं कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी एवं बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के अवसर तथा नशा-मुक्त और सुरक्षित पंजाब के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वे साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) में आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कैबिनेट मंत्री ने शहीद मेजर हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज, फेज-6, मोहाली में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बी.आर. अंबेडकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने वाली तीनों सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों को भी सलाम किया।

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए ऐतिहासिक फैसले
मोहिंदर भगत ने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार देश की पहली सरकार है जिसने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए जवानों के लिए राज्य की एक्स-ग्रेशिया राशि 50 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये की है। यह लाभ अग्निवीरों पर भी लागू है।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है और उनके आश्रितों के लिए सरकारी नौकरियों में 1 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री सेहत योजना: हर परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज प्रदान किया जा रहा है। यह सुविधा सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध है। योजना में 2356 मेडिकल पैकेज शामिल किए गए हैं, ताकि कोई भी नागरिक इलाज से वंचित न रहे।
रोजगार, नशा और गैंगस्टरवाद पर सख़्त कार्रवाई
मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 63 हजार से अधिक नौकरियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर दी जा चुकी हैं।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजाब सरकार नशों और गैंगस्टरों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के अहम चरण में प्रवेश कर चुकी है। अब तक करीब 45 हजार नशा तस्करों को जेल भेजा गया है और जल्द ही पंजाब को नशा-मुक्त व गैंगस्टर-मुक्त बनाया जाएगा।
निवेश, राजस्व और बागवानी में नई ऊंचाइयां
मोहिंदर भगत ने बताया कि प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 का आयोजन 13 से 15 मार्च तक मोहाली में किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से उद्योगपति भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में पंजाब सरकार ने
आबकारी से 36,948 करोड़ रुपये,
जीएसटी से 81,417 करोड़ रुपये,
स्टांप ड्यूटी व पंजीकरण से 19,016 करोड़ रुपये
का राजस्व अर्जित किया है, जो पिछली सरकारों की तुलना में कहीं अधिक है।
बागवानी क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में बागवानी रकबा बढ़कर 5.91 लाख हेक्टेयर हो गया है।
भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी सिंह चहल के नेतृत्व में भव्य मार्च-पास्ट हुआ। पुलिस जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सीएम की योगशाला के माध्यम से स्वस्थ पंजाब का संदेश और जन-कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं।
इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा जरूरतमंदों को 13 सिलाई मशीनें वितरित की गईं। कैबिनेट मंत्री ने पांच वीर नारियों को सम्मानित किया तथा 81 व्यक्तियों को सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया।

समारोह में ये रहे प्रमुख अतिथि
समारोह में डॉ. सनी सिंह आहलूवालिया (चेयरमैन, पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड), नरिंदर सिंह शेरगिल (चेयरमैन, मिल्कफेड), परमिंदर पाल सिंह (चेयरमैन, पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड), प्रभजोत कौर (चेयरपर्सन, जिला योजना समिति) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों में स्पेशल डीजीपी (ट्रैफिक) ए.एस. राय, डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल, नगर निगम कमिश्नर परमिंदर पाल सिंह, एसएसपी हरमनदीप सिंह हांस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।











Total Users : 291316
Total views : 493610