November 26, 2026 3:54 pm

November 26, 2026 3:54 pm

ऑपरेशन हंटडाउन: मोरनी में मंदिर के बाहर खड़ी बाइक चोरी करने वाला आरोपी पंचकूला पुलिस की गिरफ्त में, तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद कर भेजा जेल

रायपुर रानी और नारायणगढ़ से चोरी की थी अन्य 2 बाइक, पुलिस ने बचने के लिए नंबर प्लेट तोड़कर फेंकी

बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला/ 26 नवंबर:- पंचकूला पुलिस द्वारा चोरी और स्नैचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा ऐसे पुराने अनसुलझे मामलों को सुलझाने के लिए ऑपरेशन हंटडाउन के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए करीब छह महीने पुराने मोटरसाइकिल चोरी के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कुल तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें माता समलौठा देवी मंदिर परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल के अलावा नारायणगढ़ और रायपुररानी से चोरी की गई दो अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा के अनुसार, दिनांक 27 मार्च 2026 को अम्बाला निवासी व्यक्ति ने पुलिस चौकी मोरनी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह अपने दोस्तों के साथ अपने चाचा की मोटरसाइकिल लेकर माता समलौठा देवी मंदिर में माथा टेकने आया था। रात मंदिर परिसर में रुकने के बाद जब सुबह वे पार्किंग में पहुंचे तो उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। काफी तलाश करने के बावजूद मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद शिकायत के आधार पर थाना चण्डीमन्दिर में 27 मार्च को चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार इस मामले में 25 नवंबर 2026 को क्राइम ब्रांच-1 पंचकूला की टीम ने इंचार्ज मनोज को अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दर्शन उर्फ गांधी निवासी गांव बौटा, थाना चण्डीमन्दिर, जिला पंचकूला, उम्र 27 वर्ष को काबू किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने माता समलौठा देवी मंदिर से मोटरसाइकिल चोरी करने के अलावा नारायणगढ़ से एक स्प्लेंडर तथा रायपुररानी से एक पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदातों का भी खुलासा किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। जांच के दौरान आरोपी द्वारा चोरीशुदा मोटरसाइकिल की नंबर प्लेटें तोड़कर फेंकने की बात सामने आने पर मामले में धारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 238 भी जोड़ी गई है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि ऑपरेशन हंटडाउन के तहत पंचकूला पुलिस का मुख्य उद्देश्य चोरी और स्नैचिंग की वारदातों में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ पुराने अनसुलझे मामलों को सुलझाकर पीड़ितों को न्याय दिलाना है। पुलिस की विशेष टीमें तकनीकी साक्ष्यों, खुफिया सूचनाओं और प्रभावी जांच के आधार पर लगातार अपराधियों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 2 2 7 3
Total Users : 462273
Total views : 730351

शहर चुनें