May 23, 2026 8:58 pm

May 23, 2026 8:58 pm

फरीदाबाद: सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में बड़ा हादसा: सूरजकुंड मेले में झूला गिरा, इंस्पेक्टर की मौत; 12 घायल

फरीदाबाद, 7 फरवरी: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगे स्विंग बोट झूले के अचानक गिरने से पलवल निवासी इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

तकनीकी खराबी बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6:15 बजे झूले में 12 से अधिक लोग सवार थे, तभी अचानक झूला तेज आवाज के साथ गिर पड़ा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि झूले की मोटर फेल हो गई थी और बेरिंग टूटने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने दम तोड़ दिया।

प्रशासन हरकत में, झूले बंद
घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने मेले में लगे सभी झूलों को एहतियातन फौरन बंद करा दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और झूला संचालक से पूछताछ शुरू कर दी गई। साथ ही मेले में लगे अन्य झूलों की सुरक्षा जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

डीसी आयुष सिंह का बयान
फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिंह ने बताया कि इस हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए थे, जिनमें से इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए जांच समिति गठित कर दी गई है, जो हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल करेगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जताया शोक
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा,
“फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुई इस दुखद दुर्घटना से अत्यंत मर्माहत हूं। मृतक के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित और तत्काल इलाज के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।”

पर्यटन मंत्री ने दिए जांच के आदेश
पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि
“39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव 2026 के दौरान झूला क्षेत्र में यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।”

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 5 6 6
Total Users : 323566
Total views : 540286

शहर चुनें