October 12, 2026 1:17 pm

October 12, 2026 1:17 pm

हरियाणा के पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह मदान का निधन, कैथल में आज होगा अंतिम संस्कार

कैथल: हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह मदान का मंगलवार देर रात निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे। सुरेंद्र सिंह मदान कैथल से दो बार विधायक रह चुके थे और हरियाणा की राजनीति में एक अनुभवी व जमीनी नेता के रूप में उनकी पहचान थी।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सिंह मदान मंगलवार को नोएडा में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 2 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मदान के बेटे मानव मदान ने बताया कि उनके पिता को हार्ट अटैक आया था, जिसके चलते उनका आकस्मिक निधन हो गया। इस खबर के बाद परिवार, समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
आज कैथल में होगा अंतिम संस्कार
सुरेंद्र सिंह मदान का अंतिम संस्कार आज दोपहर कैथल में प्रताप गेट स्थित कल्याण भूमि में किया जाएगा। अंतिम संस्कार में राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक जगत से जुड़े कई प्रमुख लोगों के शामिल होने की संभावना है।


राजनीतिक जगत में शोक
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह मदान के निधन पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई नेताओं ने उनके निधन को पार्टी और हरियाणा की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया। नेताओं ने कहा कि मदान एक सरल, संघर्षशील और जनता से जुड़े नेता थे, जिन्होंने हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाया।

लंबे समय तक सक्रिय रहे राजनीति में
सुरेंद्र सिंह मदान कैथल से दो बार विधायक रहे और उन्होंने मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाली। वे संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सक्रिय रहे तथा अपने स्पष्ट विचारों और सादगीपूर्ण जीवनशैली के लिए जाने जाते थे।
उनके निधन से कैथल ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा में कांग्रेस पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 6 1
Total Users : 429161
Total views : 684374

शहर चुनें