निशित कटारिया बोले—सड़क से लेकर संसद तक होगा आंदोलन
करनाल | हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की भर्तियों में कथित घोटाले, प्रदेशभर में बढ़ती अवैध कॉलोनियों और बुढ़ापा पेंशन से जुड़े मुद्दों को लेकर हरियाणा युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। करनाल की जाट धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा शासन में युवाओं और बुजुर्गों के अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है।
HPSC भर्तियों में पारदर्शिता का अभाव
निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा कराई जा रही भर्तियों में गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। योग्य युवाओं को दरकिनार किया जा रहा है, जिससे वर्षों से मेहनत कर रहे अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने मांग की कि सभी विवादित भर्तियों की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन की मिलीभगत का आरोप
अवैध कॉलोनियों के मुद्दे पर कटारिया ने कहा कि प्रदेशभर में बिना मूलभूत सुविधाओं के कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। आम लोग अपनी मेहनत की कमाई लगाकर प्लॉट खरीद रहे हैं और बाद में ठगी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब प्रशासन की अनदेखी या मिलीभगत के बिना संभव नहीं है और भाजपा के नेता ही अवैध कॉलोनियां काटने में शामिल हैं। युवा कांग्रेस ने अवैध कॉलोनियों पर तुरंत रोक और प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग की।
बुढ़ापा पेंशन काटना सरकार की संवेदनहीनता
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बड़ी संख्या में बुजुर्गों को समय पर बुढ़ापा पेंशन नहीं मिल रही है, जबकि कई पात्र व्यक्तियों के नाम पेंशन सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की संवेदनहीन नीति बताते हुए कहा कि बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है और पेंशन उनकी बुनियादी जरूरत है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
इस दौरान युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रजत लाठर ने कहा कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर शीघ्र समाधान नहीं किया तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रदर्शन, धरने और घेराव किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा कांग्रेस युवाओं और बुजुर्गों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखेगी।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री बक्शिश विर्क, बसंत राणा, संगठन महासचिव अशोक डाबरा, सरीफ अली, उमर चौधरी, रविंदर मंगलौरा, एडवोकेट आकाश मीत संधू, कृष्ण संधू, साहिल कॉलरम, राहुल वत्स, मुनक युदिस्टर राणा, विक्रम राणा, योगेश शर्मा, जोगिंदर गगसीना और विक्की राणा सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।











Total Users : 291258
Total views : 493517