July 14, 2026 10:34 am

July 14, 2026 10:34 am

बदलाव के मोड़ पर बांग्लादेश: ‘बेगमों की राजनीति’ के बाद आज ऐतिहासिक चुनाव, 12.7 करोड़ वोटर करेंगे भविष्य तय

ढाका। बांग्लादेश आज गुरुवार को अपने राजनीतिक इतिहास के एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। देश में 13वां आम चुनाव हो रहा है, जिसे दशकों से चली आ रही ‘बेगमों की लड़ाई’ के अंत और नए राजनीतिक युग की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। यह चुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन हो चुका है और उनकी कट्टर प्रतिद्वंद्वी शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
चुनाव से एक दिन पहले बैलेट पेपर और अन्य चुनावी सामग्री कड़ी सुरक्षा के बीच देशभर के मतदान केंद्रों तक पहुंचा दी गई। द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

युवा वोटर्स पर टिकी नजर
लगभग 12.7 करोड़ योग्य मतदाताओं के साथ बांग्लादेश दुनिया का आठवां सबसे अधिक आबादी वाला देश है। अल जज़ीरा के मुताबिक, कुल वोटर्स में करीब आधे मतदाता 18 से 37 वर्ष आयु वर्ग के हैं। इनमें 45.7 लाख युवा पहली बार वोट डाल रहे हैं, जिससे इस चुनाव में युवाओं की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है।

अवामी लीग बाहर, 51 पार्टियां मैदान में
बांग्लादेश में कुल 59 पंजीकृत राजनीतिक दल हैं, लेकिन सत्तारूढ़ रही अवामी लीग इस बार चुनाव से बाहर है। चुनाव आयोग ने पिछले साल अवामी लीग का पंजीकरण निलंबित कर दिया था, जिसके चलते पार्टी उम्मीदवार नहीं उतार सकी।
इस चुनाव में 51 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे हैं और कुल 1981 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 249 निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं।

कौन-कौन सी पार्टियां लड़ रहीं चुनाव
चुनाव लड़ने वाली प्रमुख पार्टियों में शामिल हैं—
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP)
जमात-ए-इस्लामी
नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP)
जातीय पार्टी (JP-कादर)
जातीय पार्टी (JP-इरशाद)
लेफ्ट डेमोक्रेटिक अलायंस
अमर बांग्लादेश पार्टी (AB पार्टी)

क्या हैं चुनावी मुद्दे
बांग्लादेश एक संसदीय गणतंत्र है, जहां कार्यकारी शक्तियां चुनी हुई सरकार यानी प्रधानमंत्री और कैबिनेट के पास होती हैं, जबकि राष्ट्रपति औपचारिक राष्ट्राध्यक्ष होते हैं। राष्ट्रपति का चुनाव संसद द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से पांच साल के लिए किया जाता है।
इस चुनाव में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक विकास सबसे बड़े मुद्दे हैं। इसके साथ ही देश में नेशनल चार्टर 2025 पर एक रेफरेंडम भी कराया जा रहा है, जिसे नोबेल विजेता मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने तैयार किया है। यह दस्तावेज़ भविष्य के शासन की दिशा तय करेगा।

सख्त चेतावनी, गड़बड़ी पर कड़ा एक्शन
बांग्लादेश के होम एडवाइजर लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद जहांगीर आलम चौधरी (रिटायर्ड) ने चेतावनी दी है कि अगर चुनाव के दौरान बैलेट बॉक्स लूट, फर्जी वोटिंग या किसी भी तरह की गड़बड़ी हुई, तो संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों और चुनाव अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मतदान और नतीजों का शेड्यूल
मतदान: सुबह 7:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक (स्थानीय समय)
मतगणना: 12 फरवरी से शुरू
नतीजे: 13 फरवरी की सुबह आधिकारिक घोषणा

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 6 8 7 3 4
Total Users : 368734
Total views : 603051

शहर चुनें