June 15, 2026 3:18 pm

June 15, 2026 3:18 pm

मोहाली में हाई अलर्ट: CM भगवंत मान के अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप

मोहाली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जिस मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं, वहां सोमवार दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी एक ई-मेल के जरिए दी गई, जिसमें न सिर्फ अस्पताल को निशाना बनाने की बात कही गई, बल्कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर भी बेहद गंभीर और सनसनीखेज दावा किया गया।

धमकी भरे मेल में सनसनीखेज दावा

ई-मेल में लिखा गया है कि “भाई दिलावर सिंह के वारिसों” ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पोलोनियम से संक्रमित कर दिया है। मेल में आगे धमकी देते हुए कहा गया कि अगर वह बच गए तो उनका हाल भी वैसा ही किया जाएगा, जैसा पंजाब के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह का हुआ था। मेल में यह भी लिखा गया कि फोर्टिस अस्पताल से मुख्यमंत्री की “लाश ही निकलेगी”, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई।

तुरंत बढ़ाई गई सुरक्षा, अस्पताल खाली कराने की तैयारी

धमकी मिलते ही फोर्टिस अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद मोहाली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और खुफिया एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। अस्पताल परिसर को चारों तरफ से घेर लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कई गुना बढ़ा दी गई। एहतियात के तौर पर अस्पताल में मौजूद मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

पिछली घटना का हवाला देकर फैलाई दहशत

धमकी भरे मेल में जिस घटना का जिक्र किया गया है, वह पंजाब के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक है। पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की 1995 में चंडीगढ़ सचिवालय में मानव बम हमले में हत्या कर दी गई थी। उसी घटना का हवाला देकर मेल भेजने वाले ने मौजूदा हालात को और अधिक डरावना बनाने की कोशिश की है।

जांच में जुटी एजेंसियां, साइबर एंगल से भी पड़ताल

पुलिस और खुफिया एजेंसियां ई-मेल की स्रोत और उसकी सत्यता की गहन जांच कर रही हैं। साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेल कहां से और किसने भेजा। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इसे गंभीर सुरक्षा खतरे के रूप में लिया जा रहा है और किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी।

CM मान की सेहत और सुरक्षा पर नजर

मुख्यमंत्री भगवंत मान की सेहत को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है, वहीं सुरक्षा एजेंसियां अस्पताल के भीतर और बाहर हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।

फिलहाल पूरे मामले में आधिकारिक पुष्टि और जांच रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन इस धमकी ने पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था को एक बार फिर हाई अलर्ट मोड पर ला दिया

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 7 7
Total Users : 344077
Total views : 569455

शहर चुनें