कैथल: शहर के जखोली अड्डा स्थित शराब के ठेके पर गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब कैश लेने पहुंचे युवक पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में बलराज नगर निवासी अमित उर्फ सुनील बच्ची के बाएं हाथ की बाजू में गोली लगी, जिससे उसकी हड्डी फ्रैक्चर हो गई। घायल को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैश कलेक्शन के लिए पहुंचे थे ठेके पर
जानकारी के अनुसार जनकपुरी कॉलोनी निवासी राहुल, जिले में सोनीपत की फर्म ‘स्कॉचटैप’ को अलॉट शराब के ठेकों से कैश कलेक्शन का काम करता है। वीरवार रात करीब साढ़े 9 बजे राहुल अपने दोस्त अमित उर्फ सुनील बच्ची के साथ आई-20 कार में जखोली अड्डा स्थित ठेके पर कैश लेने पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही राहुल गाड़ी से उतरकर ठेके की ओर कैश लेने गया, उसी दौरान एक अन्य कार में सवार कुछ युवक मौके पर पहुंचे और आई-20 कार के पास आकर फायरिंग शुरू कर दी।
कार का शीशा तोड़ते हुए बाजू में लगी गोली
उस समय अमित कार की फ्रंट सीट पर बैठा हुआ था। आरोपियों ने पहला फायर किया जो खाली निकल गया, लेकिन दूसरा फायर कार का शीशा तोड़ता हुआ अमित की बाईं बाजू में जा लगा। गोली लगते ही अमित ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी का दरवाजा खोला और जान बचाने के लिए अनाज मंडी की ओर भाग गया।
इस दौरान आरोपियों ने राहुल पर भी 4-5 राउंड फायर किए, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
14-15 राउंड फायरिंग का आरोप
घायल अमित के अनुसार, भागते समय संदीप और अंकित सहारण सहित चार-पांच अन्य बदमाश उसका पीछा करते रहे और लगातार फायरिंग करते रहे। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने करीब 14 से 15 राउंड फायर किए।
जब आरोपियों की गोलियां खत्म हो गईं तो वह किसी तरह अनाज मंडी के पास बनी झुग्गी-झोपड़ियों में छिप गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार गोली अमित के हाथ के आर-पार निकल गई, जिससे उसकी बाजू की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुरानी रंजिश में हमला
मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर रणदीप ने बताया कि घायल युवक ने संदीप और अंकित सहारण को पहचान लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के साथ उसकी पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और देर रात तक पुलिस टीम मौके पर जांच में जुटी रही।











Total Users : 291340
Total views : 493636