May 23, 2026 9:13 pm

May 23, 2026 9:13 pm

हरियाणा विधानसभा समितियों को और मजबूत बनाने की तैयारी, अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने दिए अहम निर्देश

बजट सत्र से पहले समिति चेयरपर्सन्स संग मंथन, जवाबदेही बढ़ाने पर जोर
चंडीगढ़, 20 फरवरी। आगामी बजट सत्र से पहले हरियाणा विधानसभा में समिति प्रणाली को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने वीरवार शाम सभी विधानसभा समितियों के चेयरपर्सन्स के साथ विशेष बैठक कर कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने का खाका तैयार किया।
बैठक में अध्यक्ष ने समितियों की कार्यशैली में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए और चेयरपर्सन्स से उनके अनुभवों के आधार पर सुझाव भी आमंत्रित किए।

जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि समितियों की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाकर ही कार्यपालिका की विधायिका के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष 13 राज्यों के अध्ययन दौरे के दौरान यह पाया गया कि विभिन्न राज्यों में विधानसभा समितियों की सिफारिशों की स्वीकार्यता लगभग समान है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी योजनाबद्ध तरीके से काम करते हुए समितियों की सिफारिशों को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
“जितनी सटीक और तथ्याधारित सिफारिशें होंगी, उनका प्रभाव उतना ही अधिक होगा। इसके लिए नियमित फॉलोअप भी जरूरी है,” उन्होंने कहा।
सहयोगी संस्थाएं हैं विधायिका और कार्यपालिका
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधायिका और कार्यपालिका प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि सहयोगी संस्थाएं हैं। दोनों का उद्देश्य जनहित को साधना है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में विधानसभा समितियां सबसे प्रभावी उपकरण हैं।
उन्होंने कहा कि समितियों की सिफारिशों का पूर्ण क्रियान्वयन तभी संभव है, जब सदस्य विषय की गहराई में जाकर ठोस और व्यावहारिक सुझाव तैयार करें।

समिति गठन में संतुलन पर ध्यान
अध्यक्ष ने बताया कि आगामी वित्त वर्ष के लिए समितियों का गठन करते समय सदस्यों की पुनरावृत्ति को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सदन में सदस्यों की संख्या समितियों की तुलना में अपेक्षाकृत कम होने के कारण कई सदस्य एक से अधिक समितियों में शामिल होते हैं, जिससे कार्यभार बढ़ता है। इस स्थिति को संतुलित करने का प्रयास किया जाएगा।
स्पॉट विजिट, अध्ययन दौरे और AI तकनीक का उपयोग
बैठक में स्पॉट विजिट, अन्य राज्यों के अध्ययन दौरे, विधायकों के व्यक्तिगत विकास, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्ष ने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीकों का उपयोग कर समिति कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

ये रहे मौजूद
बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्ढा, चेयरपर्सन रामकुमार गौतम, भारत भूषण बत्रा, आफताब अहमद, लक्ष्मण यादव, रामकुमार कश्यप, विनोद भ्याणा, कृष्णा गहलावत, घनश्याम दास अरोड़ा और भगवान दास कबीरपंथी उपस्थित रहे।
बजट सत्र से पहले आयोजित यह बैठक इस बात का संकेत है कि विधानसभा समितियों को महज औपचारिक मंच न रखकर उन्हें नीति-निर्माण और निगरानी की प्रभावी इकाई के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 5 7 3
Total Users : 323573
Total views : 540293

शहर चुनें