July 13, 2026 5:08 am

July 13, 2026 5:08 am

सोनीपत: राई रेस्ट हाउस के पास NH-44 पर भीषण सड़क हादसा, बस परिचालक की मौत

सोनीपत: नेशनल हाईवे-44 पर राई रेस्ट हाउस के नजदीक शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमृतसर से दिल्ली जा रही एक निजी वोल्वो बस फ्लाईओवर पर खराब खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक भी पलट गया। हादसे में बस के परिचालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस काफी तेज रफ्तार में थी। फ्लाईओवर पर एक ट्रक खराब हालत में खड़ा था, जिसे चालक समय रहते देख नहीं सका और सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे, जिनमें से पांच से छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बस चालक की हालत भी नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में उपचाराधीन है।
अस्पताल में तोड़ा दम, पहचान नहीं
घटना की सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान बस के परिचालक ने दम तोड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस पहचान के प्रयास में जुटी है और परिजनों की तलाश की जा रही है।

कुछ देर के लिए बंद रहा हाईवे
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए हाईवे के एक हिस्से को अस्थायी रूप से बंद कर दिया, जिससे नेशनल हाईवे-44 पर जाम की स्थिति बन गई। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैफिक को डायवर्ट कर जाम पर जल्द ही काबू पा लिया।

पुलिस ने शुरू की जांच
राई थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि पानीपत की ओर से आ रही निजी वोल्वो बस खराब खड़े ट्रक से टकराई, जिससे परिचालक की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर असुरक्षित तरीके से खड़ा ट्रक हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक चालक ने वाहन खड़ा करते समय सुरक्षा मानकों का पालन किया था या नहीं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 6 6 6 5 6
Total Users : 366656
Total views : 600323

शहर चुनें