चंडीगढ़: Municipal Corporation Chandigarh द्वारा शहर की पार्किंग में ऑटो रिक्शा पर 28 रुपये एंट्री शुल्क लागू किए जाने के फैसले के खिलाफ ऑटो ड्राइवरों में नाराजगी बढ़ गई है। चंडीगढ़ ऑटो यूनियन ने इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की है।
ऑटो यूनियन के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में कभी भी ऑटो चालकों से पिक एंड ड्रॉप के दौरान पार्किंग शुल्क नहीं लिया गया। पहले शोरूम, अस्पताल, बैंक और अन्य संस्थानों के बाहर सवारी को छोड़ने या लेने पर कोई चार्ज नहीं लगता था, लेकिन अब शहर की हर पार्किंग में ऑटो चालकों से 28 रुपये वसूले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अक्सर ऑटो चालकों को बीमार, बुजुर्ग और दिव्यांग सवारियां मिलती हैं, जिन्हें निजी अस्पताल, मेडिकल स्टोर, बैंक या शोरूम तक सीधे पहुंचाना पड़ता है। कई बार विवाह या अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए सामान लेने आए बुजुर्गों को भी शोरूम के अंदर तक छोड़ना पड़ता है। ऐसे में पार्किंग शुल्क लगाना न सिर्फ ड्राइवरों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है, बल्कि आम लोगों की सुविधा पर भी असर डालता है।
अनिल कुमार ने मांग की कि स्थानीय ऑटो, जिन पर ऑटो यूनियन का स्टिकर लगा है, उन्हें पहले की तरह पिक एंड ड्रॉप की फ्री एंट्री दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ऑटो यूनियन के सदस्यों ने समय-समय पर प्रशासन और पुलिस के साथ सहयोग किया है और कई अवसरों पर सम्मानित भी हुए हैं, इसलिए उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाना चाहिए।
ऑटो यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि पार्किंग शुल्क का फैसला वापस नहीं लिया गया तो वे आंदोलन की रणनीति पर विचार करेंगे।












Total Users : 294611
Total views : 498422