April 6, 2026 3:19 am

April 6, 2026 3:19 am

फरीदाबाद में डिजिटल अरेस्ट कर 2.13 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुणे से 3 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में साइबर अपराध के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। Comptroller and Auditor General of India (CAG) से रिटायर एक वरिष्ठ अधिकारी को “डिजिटल अरेस्ट” का डर दिखाकर 2 करोड़ 13 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को बल्लभगढ़ साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को महाराष्ट्र के पुणे से पकड़कर फरीदाबाद लाया गया, जहां अदालत में पेश कर उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस, 1.25 करोड़ की रकम फ्रीज
पुलिस के अनुसार, पीड़ित रिटायर्ड अधिकारी ने 30 जनवरी 2026 को साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ में लिखित शिकायत दी थी कि उन्हें डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर करोड़ों रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि संबंधित बैंक खातों में फ्रीज करवा दी।
तकनीकी जांच और बैंक ट्रेल के आधार पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के पुणे में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल में बदलकर करते थे ठगी
बल्लभगढ़ साइबर क्राइम सेल के इंचार्ज जसवंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तकनीकी उपकरणों की मदद से अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल कॉल में कन्वर्ट कर देते थे, जिससे पीड़ितों को शक नहीं होता था। इसके बाद खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर “डिजिटल अरेस्ट” की कहानी गढ़ी जाती और खातों से रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने—
लगभग 256 सिम कार्ड
कॉल कन्वर्टर मशीन
सिम बॉक्स
कॉलिंग डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
बरामद किए हैं।

मास्टरमाइंड की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि गिरोह का मास्टरमाइंड अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया और नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।

साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर खुद को सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताने वाले व्यक्ति से सतर्क रहें। किसी भी परिस्थिति में घबराकर बैंक डिटेल, ओटीपी या बड़ी रकम ट्रांसफर न करें। साइबर क्राइम से बचाव के लिए पुलिस समय-समय पर जागरूकता अभियान और कैंप आयोजित कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जागरूकता ही ऐसी ठगी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 4 4
Total Users : 291344
Total views : 493640

शहर चुनें