पंचकूला, 3 मार्च 2026। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत बजट में पंचकूला के लिए की गई ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी घोषणाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पंचकूला से दो बार विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने मुख्यमंत्री का विशेष धन्यवाद किया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट पंचकूला को शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला सिद्ध होगा।
मेडिकल कॉलेज को 1422 करोड़ का प्रावधान
ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2024 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके द्वारा मेडिकल कॉलेज की नींव रखी गई थी। अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे प्राथमिकता देते हुए बजट में 1422 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे निर्माण कार्य को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा और इसी वर्ष से एमबीबीएस की कक्षाएं प्रारंभ होने की संभावना है। इससे पंचकूला ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा क्षेत्र को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पिंजौर में बनेगी ‘वेडिंग सिटी’ और फिल्म सिटी
प्रधानमंत्री के “वेड इन इंडिया” विजन को आगे बढ़ाते हुए पिंजौर में ‘वेडिंग सिटी’ विकसित करने तथा आधुनिक फिल्म सिटी स्थापित करने की घोषणा को भी गुप्ता ने ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, रोजगार और स्थानीय व्यापार को व्यापक बढ़ावा मिलेगा।
सेक्टर-32 में इंजीनियरिंग संस्थान
सेक्टर-32 में 10 एकड़ भूमि पर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की स्थापना से पंचकूला शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे युवाओं को तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में शैक्षणिक माहौल मजबूत होगा।
एनएच-5 पर बनेंगे दो बड़े फ्लाईओवर
एनएच-5 (पंचकूला-पिंजौर-कालका-शिमला मार्ग) पर बुर्ज कोटियां गांव और एचएमटी क्लब के पास दो बड़े फ्लाईओवर बनाए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए गुप्ता ने कहा कि इससे पंचकूला, कालका और पिंजौर की कनेक्टिविटी सुगम होगी। यातायात जाम और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
एआई मिशन हब से युवाओं को लाभ
पंचकूला में एआई मिशन हब स्थापित किए जाने की घोषणा को उन्होंने युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि इससे नई तकनीकों में प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकेंगे।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम
राज्य स्तर पर 4000 उचित मूल्य की दुकानों का शुभारंभ, जिनमें 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी, 7 नए महिला थानों की स्थापना तथा महिलाओं हेतु बसों की संख्या में वृद्धि जैसे निर्णयों को भी उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताया।
अंत में ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और पंचकूला को विशेष प्राथमिकता दिए जाने के लिए वे मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन घोषणाओं के क्रियान्वयन से पंचकूला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।











Total Users : 291316
Total views : 493610