August 28, 2026 9:35 am

August 28, 2026 9:35 am

चंडीगढ़ में संपत्ति खरीदना होगा महंगा, 1 अप्रैल से कलेक्टर रेट में 15 से 55% तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव

चंडीगढ़: शहर में प्रॉपर्टी खरीदने और बेचने की लागत जल्द ही बढ़ने वाली है। Chandigarh Administration ने एक अप्रैल से लागू होने वाले नए कलेक्टर रेट का ड्राफ्ट जारी कर दिया है। प्रस्ताव के अनुसार शहर के रिहायशी, कॉमर्शियल और इंडस्ट्रियल क्षेत्रों में कलेक्टर रेट में 15 प्रतिशत से लेकर 55 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की योजना बनाई गई है।
प्रशासन ने इस ड्राफ्ट पर आम जनता से 20 मार्च तक सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। इसके बाद प्राप्त सुझावों पर विचार कर अंतिम मंजूरी दी जाएगी और नए कलेक्टर रेट 1 अप्रैल से लागू कर दिए जाएंगे।
नए कलेक्टर रेट लागू होने के बाद शहर में जमीन, मकान और फ्लैट की खरीद-फरोख्त महंगी हो जाएगी। खासतौर पर Chandigarh Housing Board के फ्लैट्स, इंडिपेंडेंट मकानों और कॉमर्शियल प्रॉपर्टी के दामों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। कलेक्टर रेट के आधार पर ही रजिस्ट्री, स्टांप ड्यूटी और अन्य सरकारी शुल्क तय किए जाते हैं।

पुराने सेक्टरों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
ड्राफ्ट के अनुसार शहर के पुराने और प्रमुख सेक्टरों में जमीन के कलेक्टर रेट सबसे अधिक प्रस्तावित किए गए हैं।
सेक्टर-1 से 12:
प्रस्तावित कलेक्टर रेट: 2,37,900 रुपये प्रति वर्ग गज
पहले: 1,78,600 रुपये प्रति वर्ग गज
सेक्टर-14 से 37:
प्रस्तावित रेट: 1,81,300 रुपये प्रति वर्ग गज
पहले: 1,47,600 रुपये प्रति वर्ग गज
सेक्टर-38 और उससे आगे के सेक्टर:
प्रस्तावित रेट: 1,33,200 रुपये प्रति वर्ग गज
इंडिपेंडेंट ड्वेलिंग यूनिट:
प्रस्तावित कलेक्टर रेट: 1,53,900 रुपये प्रति वर्ग गज
हाउसिंग बोर्ड फ्लैट्स के भी बढ़ेंगे रेट
Chandigarh Housing Board के फ्लैट्स के लिए मंजिल के हिसाब से अलग-अलग कलेक्टर रेट प्रस्तावित किए गए हैं।
हाउसिंग बोर्ड फ्लैट्स (प्रति वर्ग फुट):
ग्राउंड फ्लोर – 11,000 रुपये
पहली मंजिल – 9,000 रुपये
दूसरी मंजिल – 8,000 रुपये
तीसरी मंजिल व उससे ऊपर – 7,200 रुपये
सोसाइटी फ्लैट्स (प्रति वर्ग फुट):
ग्राउंड फ्लोर – 11,100 रुपये
पहली मंजिल – 11,400 रुपये
दूसरी मंजिल – 10,300 रुपये
तीसरी मंजिल व ऊपर – 8,700 रुपये
इसके अलावा मनीमाजरा स्थित उप्पल्स हाउसिंग फ्लैट्स के लिए लगभग 16,700 रुपये प्रति वर्ग फुट कलेक्टर रेट प्रस्तावित किया गया है।

कॉमर्शियल प्रॉपर्टी के भी बढ़ेंगे दाम
शहर के विभिन्न बाजारों और कॉमर्शियल क्षेत्रों के लिए भी नए कलेक्टर रेट प्रस्तावित किए गए हैं।
एससीओ/एससीएफ और दुकानों के प्रस्तावित रेट:
सेक्टर-17 में एससीओ/एससीएफ – लगभग 5.92 लाख रुपये प्रति वर्ग गज
मध्य मार्ग, सेक्टर-34, सेक्टर-22 और सेक्टर-35 के बाजार – लगभग 4.47 लाख रुपये प्रति वर्ग गज
अन्य सेक्टरों में एससीओ/एससीएफ और शॉप्स – लगभग 3.27 लाख रुपये प्रति वर्ग गज
इसके अलावा मनीमाजरा के मोटर मार्केट और अन्य कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के लिए भी अलग-अलग कलेक्टर रेट प्रस्तावित किए गए हैं।

इंडस्ट्रियल क्षेत्रों के लिए अलग दरें
ड्राफ्ट में इंडस्ट्रियल हाउस और औद्योगिक इकाइयों के लिए भी अलग-अलग कलेक्टर रेट तय किए गए हैं। प्रस्ताव के अनुसार इंडस्ट्रियल यूनिट्स के ग्राउंड फ्लोर के लिए लगभग 9,300 रुपये प्रति वर्ग फुट का रेट प्रस्तावित किया गया है।

20 मार्च तक दे सकते हैं सुझाव
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभी ड्राफ्ट प्रस्ताव है। नागरिक, रियल एस्टेट कारोबारी और अन्य हितधारक 20 मार्च तक अपने सुझाव या आपत्तियां प्रशासन को दे सकते हैं। इसके बाद अंतिम निर्णय लेकर नई दरें लागू कर दी जाएंगी।
नए कलेक्टर रेट लागू होने के बाद चंडीगढ़ में संपत्ति की रजिस्ट्री, स्टांप ड्यूटी और प्रॉपर्टी ट्रांजेक्शन की लागत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसका असर सीधे खरीदारों और निवेशकों पर पड़ेगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 5 5
Total Users : 399355
Total views : 644620

शहर चुनें